- Hindi News
- शिवरात्रि से पहले कैलाश गुफा मार्ग होगा चौड़ामार्ग के दोनों ओर लगाए जाएंगे पौधे
शिवरात्रि से पहले कैलाश गुफा मार्ग होगा चौड़ामार्ग के दोनों ओर लगाए जाएंगे पौधे
भास्कर न्यूज - जशपुरनगर
प्रसिद्ध दर्शनीय स्थल कैलाश गुफा जाने वाले मार्ग को शिवरात्रि के पहले चौड़ा किया जाएगा। साथ ही मार्ग के दोनों ओर खाली जमीन पर पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके निर्देश कलेक्टर एलएस केन ने दिए हैं। हर मंगलवार को कलेक्टोरेट में होने वाली समय सीमा बैठक इस बार मंगलवार को विकासखंड बगीचा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एवं लोगो के आस्था का केंद्र कैलाश गुफा के संगम हाल में हुई। इस दौरान कैलाश गुफा के प्रमुख बभ्रुवाहन विशेष रूप से उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि फरवरी में महाशिवरात्रि है। इस दिन दूर-दूर से लोग कैलाश गुफा दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी को कैलाश गुफा वाले मार्ग को चौड़ीकरण करने के निर्देश दिए। जिससे दर्शनार्थी अपने वाहनो को सड़क के दोनों ओर पार्क कर सकें। साथ ही उन्होंने डीएफओ को कैलाश गुफा तक जाने वाले मार्ग के दोनों ओर खाली जमीन पर नीम, बांस एवं अन्य प्रजाति के पौधे लगाने को कहा। जिससे कुछ वर्षों के बाद हरियाली नजर आए। श्री केन ने लोक पीएचई के ईई को कैलाश गुफा में पानी की सप्लाई के लिए पाइप लाइन का विस्तार करने के साथ ही इससे संबंधित अन्य महत्वपूर्ण चीजों को महाशिवरात्रि के पहले ठीक करने को कहा। बैठक में कैलाश गुफा के प्रमुख श्री बभ्रुवाहन ने कलेक्टर को बताया कि सोलर सिस्टम का बैटरी खराब हो गया है। इस पर कलेक्टर ने क्रेडा के अधिकारी को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिये। कैलाश गुफा मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विभाग के द्वारा रेलिंग का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे दर्शनार्थियों को मंदिर तक पहुंचन में आसानी होगी। इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। कैलाश गुफा जाने वाले मार्ग में एक स्थान पर पूर्व में स्टाप डेम का निर्माण कराया गया है। इस स्थान पर दर्शनार्थियों के रुकने के लिए चबूतरा, शेड एवं महिलाओं के लिए स्नानागार बनाने के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश आरईएस विभाग के ईई को दिए गए। वहीं पीएचई को इस स्थान पर हैंडपंप खनन के लिए कहा गया। बैठक में जिला पत्थलगांव एसडीएम आरएन सिंह अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में उपस्थित सदस्य।
मार्ग का मुआयना करते सदस्य।
निरीक्षण के लिए सौंपा जाएगा दायित्व
कलेक्टर ने बताया कि आश्रम, स्कूल वं छात्रावास के निरीक्षण के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपा जाएगा। ये अधिकारी निरीक्षण कर कलेक्टर को प्रतिवेदन देंगे। जिले में 119 छात्रावास व 81 आश्रम, स्कूल संचालित हैं। जिसमें लगभग 15 हजार विद्यार्थी रहते हैं। समय सीमा बैठक में अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा हुई।
शिवरात्रि से पहले कैलाश गुफा के मार्ग का होगा निर्माण
कैलाश गुफा के संगम हाल में हुई समय सीमा की बैठक, कलेक्टर ने दिए निर्देश, मार्ग के दोनों ओर लगाए जाएंगे पौधे