- Hindi News
- गणतंत्र दिवस को लेकर जिलेभर में हाई अलर्ट
गणतंत्र दिवस को लेकर जिलेभर में हाई अलर्ट
सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहा पुलिस का लंबी अवधि का आपरेशन।
भास्कर न्यूज - जशपुरनगर
गणतंत्र दिवस को महज दो दिन रह गए हैं और जिले में नक्सली घुसपैठ व अपराधिक गिरोहों के द्वारा घटना को अंजाम देने की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने जिले भर में हाई अलर्ट कर दिया है। एसपी जेएस मीणा ने बताया कि विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में लंबी अवधि के आपरेशन चलाए जा रहे हैं और सभी पुलिस थाने व चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस के द्वारा जहां सीमावर्ती क्षेत्रों में खास सतर्कता बरती जा रही है वहीं नगरीय क्षेत्रों में भी संदिग्ध स्थलों पर जवान देर रात सर्चिंग कर रहे हैं।
राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विशेष रूप से नक्सली संगठनों के द्वारा अशांति फैलाने की कोशिश व कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की जाती है। नक्सलियों के द्वारा झारखंड व ओडि़शा राज्य से लगे क्षेत्रों में ग्रामीणों को राष्ट्रीय पर्व में शामिल नहीं होने के लिए बरगलाया जाता है और नक्सली भय उत्पन्न करने की भी कोशिश करते हैं।जिले में पुलिस के द्वारा ऐसे समय में सतर्कता और भी बढ़ा दी जाती है, जिससे जिले में ऐसे अवसरों पर अब तक कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। पूर्व में नक्सलियों के द्वारा फरमान जारी करने की सूचना आती रही है, लेकिन नक्सली सफल नहीं हुए हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के सवाल पर एसपी जितेंद्र सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस सदैव सतर्क रहती और समय-समय पर विशेष सर्चिंग भी होती रहती है,लेकिन पुलिस मुख्यालय से आदेश आने के बाद सभी थाने व चौकियों में मुख्यालय के आदेश को प्रसारित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के आखरी सप्ताह बचे होने को देखते हुए लंबी अवधि का आपरेशन शुरू किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने जवानों की संख्या बताने से इंकार किया, लेकिन एसपी ने बताया कि लंबी अवधि के आपरेशन कई स्थानों पर चल रहे हैं और मुख्य आपरेशन, मनोरा पुलिस चौकी क्षेत्र व विकासखंड के गांव, जंगल सहित आरा चौकी क्षेत्र के जंगलों में विशेष रूप से लंबे समय का आपरेशन चलाया जा रहा है। गणतंत्र दिवस पर जहां छग की सीमा पर अलर्ट है, वहीं झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्र के जिलों में भी यही समस्या रहती है। ऐसे में दोनों राज्यों की पुलिस आपसी सामंजस्य बनाकर कार्य करती है और पिछले तीन माह से इस सामंजस्य की सराहना भी आम जनता करते आ रही है।
दोनों ही राज्यों के पुलिस की नजर सीमावर्ती जंगलों में है। अक्सर आपरेशन के दौरान नक्सली व आपराधिक संगठन एक दूसरे राज्यों की शरण लेते हैं।जहां नक्सली आपरेशन में पुलिस जुटी है, वहीं पुलिस के द्वारा जिले के स्थाई वारंटी और निगरानीशुदा अपराधियों की धरपकड़ भी जारी है।
॥जिले में लगातार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सर्चिंग की जाती रही है। विशेष रूप से गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय से मिले आदेश के अनुरूप खास सतर्कता बरतते हुए लंबे समय का आपरेशन प्रारंभ किया गया है।सभी थाने व चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है।ञ्जञ्ज
जेएस मीणा,एसपी जशपुरनगर
गश्त करते सेना के जवान