न्यूज इन बाक्स
बदमाशों पर कार्रवाई
जांजगीर। जिले में शांति भंग करने की कोशिश करने वाले गुंडा,बदमाशों के खिलाफ गुंडा बदमाशों की धरपकड़ अभियान लगातार जारी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंगलवार को भी पुलिस ने अभियान चलाया तथा 71 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
----------
4 हजार जब्त
जांजगीर। तीन जुआरियों को जुआ खेलते बिर्रा पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों के पास से दांव लगाने के लिए रखे 4060 रुपए जब्त किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तालदेवरी में जुआ खेलने की शिकायत पर पुलिस ने दबिश दी और तीन जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तीनों जुआरियों के खिलाफ 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
----------
जांच शिविर कल से
पामगढ़। स्थानीय अंध मूक बधिर शाला में निशक्तजनों को कृत्रिम अंग देने के लिए जांच शिविर का आयोजन 24 जनवरी से किया गया है। निशक्तजन कल्याण सेवा समिति के सचिव दूजेराम ज्योति ने बताया कि कोलकाता से आए विशेषज्ञ डॉक्टर्स द्वारा दो दिन विकलांगों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद जरूरतमंद निशक्तजनों को कृत्रिम अंग का वितरण किया जाएगा।
-------
सटोरिया पकड़ाया
जांजगीर। गोबरा में सट्टा खिलाने वाले एक सटोरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एएसआई वीएन बनाफर ने बताया कि पीतांबर पिता पंडित राम चंद्रा द्वारा सट्टा खिलाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर रेड किया गया तो आरोपी के पास से 450 रुपए और सट्टा पट्टी बरामद किया गया।
--------
समारोह आज
जांजगीर। अधिवक्ता संघ जांजगीर के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 23 जनवरी को होगा। समारोह दोपहर 2 बजे जिला न्यायालय के मीटिंग हाल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप बख्शी के मुख्य आतिथ्य में होगा। वशिष्ठ अतिथि कलेक्टर अन्बलगन पी व एसपी आरिफ शेख होंगे। अधिवक्ता संघ अध्यक्ष बालकृष्ण मिश्रा समेत सभी पदाधिकारी शपथ ग्रहण करेंगे।
----------
बेसिक कोर्स 25 से
बाराद्वार। आर्ट ऑफ लिविंग का बेसिक कोर्स स्थानीय श्यामा कुंज में 25 जनवरी से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम 29 जनवरी तक चलेगा। समिति के आनंद अग्रवाल ने बताया कि बेसिक कोर्स की जानकारी देने के लिए भिलाई से वेणुगोपाल व बिलासपुर से शिखा अग्रवाल आएंगी। 27 जनवरी की रात 8 बजे से महासत्संग का आयोजन भी किया जाएगा।
-------------
निवारण शिविर कल
सक्ती. ग्राम पंचायत पलाड़ीखुर्द में 24 जनवरी को जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं व शिकायतों पर कार्यवाही कर विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इस संबंध में जनपद पंचायत सीईओ गणेश राम साहू ने बताया कि जनसमस्या निवारण शिविर में सभी विभागों के अधिकारियों से समय पर पहुंचने की अपील की है।
—————
सरपंच की बाइक पार
सक्ती. ग्राम पंचायत पोरथा के सरपंच की बाइक जनपद पंचायत कार्यालय के सामने से चोरी हो गई। पोरथा सरपंच श्याम कुमार राठौर 21 जनवरी की दोपहर करीब 1 बजे पंचायत के काम से अपने सीबी जेड मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 11 एच 1353 से जनपद पंचायत पहुंचा। बाहर बाइक खड़ी कर वह कार्यालय के अंदर चला गया। करीब 2 बजे वापस आया तो देखा कि उसकी बाइक गायब थी। मामले की रिपोर्ट 22 जनवरी थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 379 के तहत अपराध कायम कर लिया है।
——————