खिलाड़ी दिखाएंगे जौहर
भास्कर न्यूज - जशपुरनगर
सांसद स्व. दिलीप सिंह जूदेव स्मृति अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल मे आने वाली टीमों की अंतिम सूची तैयार हो चुकी है। जिनमें देश की कई नामी टीमें शामिल हैं। इन टीमों में नाइजीरिया, नेपाल व भूटान के खिलाड़ी भी अपना जलवा दिखाएंगे। स्पर्धा का पहला मैच महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के बीच होगा।
1 फरवरी से शुरू होने वाली इस बड़ी स्पर्धा में अब केवल आठ दिन बच गए हैं। आयोजन समिति इसकी तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हुई है। बाहर से आने वाले खिलाडिय़ों के आने-जाने, आवास, भोजन व अन्य व्यवस्था के लिए अलग-अलग कमेटी बनाकर सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रतियोगिता जिले मे अब तक की सबसे बड़ी प्रतियोगिता होगी। जिसे लेकर खेल प्रेमियों व जिलेवासियों में काफी उत्साह है। वे बेसब्री से प्रतियोगिता शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं क्षेत्र के खिलाडिय़ों को इस बात की काफी खुशी है कि देश के कई प्रख्यात टीमों के खिलाडिय़ों को खेलते देखकर उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलेगा। खासकर नए खिलाडिय़ों का कहना है कि अगर उन्हें मौका मिला, तो वे बड़े खिलाडिय़ों से मिलने का प्रयास करेंगे और उनसे खेल की बारीकियां सीखेंगे। यह स्पर्धा उनके लिए काफी मायने रखती है।
अंतिम सूची में ये टीमें शामिल
जूनियर आर्मी दिल्ली, गोल्डन स्टार ओडि़शा, सेल फुटबाल अकादमी बोकारो झारखंड, यूनाइटेड फुटबाल कोलकाता प. बंगाल, गोंदिया फुटबाल क्लब महाराष्ट्र, यंग स्पोर्टिंग क्लब काम खी महाराष्ट्र की टीम अंतिम सूची में शामिल है। इसी तरह इस सूची में सतपुड़ा-बैतुल ऑयल अकादमी मप्र, ईस्ट कोस्ट रेलवे आरारोड ओडि़शा, आइडिया फुटबाल अकादमी कोलकाता, संबलपुर फुटबाल अकादमी ओडि़शा, न्यू स्पोर्टिंग क्लब चर्चा छत्तीसगढ़ व मेजबान जिला फुटबाल संघ जशपुर की टीम भी है।
पहला मैच महाराष्ट्र व छग के बीच, 8 दिन बचे शेष