- Hindi News
- फर्जी राशन कार्डों की सूची हो रही तैयार, जांच जारी
फर्जी राशन कार्डों की सूची हो रही तैयार, जांच जारी
भास्कर न्यूज - जशपुरनगर
बीते माह छात्र यशराज की हत्या के बाद बाहरी लोगों के फर्जी राशन कार्ड निरस्त करने की मांग को लेकर यहां जबरदस्त बवाल हुआ था। जिसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका फर्जी राशन कार्डधारियों की सूची तैयार कर रहा है। शहर के सभी वार्डों में इसकी जांच का काम तेज गति से चल रहा है।
बीते दिसंबर में यहां के जैन स्कूल के छात्र यशराज की हत्या कर दी गई थी। जिसमें मुख्य आरोपी बाहर से आकर यहां रह रहा एक युवक था। इसके बाद पूरे शहर में उबाल था। दो दिनों तक शहर बंद रहा था। आगजनी व प्रदर्शन का दौर चल रहा था। गुस्साए लोगों ने प्रशासन से मांग की थी कि 1992 के बाद यहां आकर बसे लोगों की जांच की जाए। साथ ही उनके नाम से बने फर्जी राशन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड निरस्त कर दिया जाए।
लोगों के गुस्से और भावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। कलेक्टर एलएस केन ने जिले के सभी एसडीएम को एक पत्र भेजा। जिसमें कई बिंदुओं पर राशन कार्डों की जांच के लिए कहा गया है। एसडीएम
ने जांच के लिए नगर पालिका अधिकारी को कहा।
जिसके बाद नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में राशनकार्ड धारियों की जांच संबंधित बिंदुओं पर की जा रही है। जांच के बाद फर्जी पाए गए राशन कार्डों की सूची तैयार की जा रही है। जिसे कलेक्टर के पास भेजा जाएगा। इन फर्जी कार्डों को निरस्त किया जाएगा।