अधिवक्ताओं ने ली पद व गोपनीयता की शपथ
भास्कर न्यूज - जांजगीर
जिला न्यायालय भवन के सभाकक्ष में गुरूवार को जिला अधिवक्ता संघ जांजगीर चांपा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायधीश संदीप बख्शी ने संघ के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए शपथ दिलाई। समारोह में कलेक्टर अन्बलगन पी, पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख, जिला न्यायालय के सभी न्यायधीश सहित संघ के सदस्य उपस्थित थे। श्री बख्शी ने कहा कि संघ के पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचित होने की गौरवशाली परंपरा इस जिले की रही है। जिला एवं सत्र न्यायालय नवनिर्मित भव्य भवन में भी इस परंपरा का निर्वाह किया गया। पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे संघ के सभी सदस्यों के हित और कल्याण के लिए साथ मिलकर कार्य करें। कलेक्टर ने नवनिर्वाचित सदस्यों से कहा कि समाज में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य जिलों की तुलना में जांजगीर चांपा जिले में जिला अधिवक्ता संघ में सबसे ज्यादा सदस्य हैं। यहां न्यायालय में दर्ज प्रकरणों की संख्या भी अन्य जिले की तुलना में अधिक है। उन्होंने संघ द्वारा प्रस्तुत मांग के संबंध में कहा कि जिला बनने के 15 वर्ष बाद भी यहां बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता पूरी नहीं हुई है। जिला न्यायालय सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यालय रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्ड से अधिक दूरी पर स्थित है। इसके कारण आवागमन की समस्या होती है। कलेक्टर ने कहा कि नगर सीमा क्षेत्र में सीटी बस का संचालन किया जाएगा। जीवन दीप समिति के सहयोग से रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्ड से जिला चिकित्सालय तक न्यूनतम दर पर परिवहन सुविधा की व्यवस्था की जाएगी। जांजगीर से चांपा के मध्य संचालित सवारी वाहनों को जिला चिकित्सालय और कलेक्टर कार्यालय से होकर संचालित करने की योजना भी बनाई जा रही है। इस मौके पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बालकृष्ण मिश्रा, सचिव एस जी परमानंद, उपाध्यक्ष गणेश प्रसाद शर्मा, सुश्री परवीन बानो, सहसचिव नंद कुमार यादव, कोषाध्यक्ष रामकुमार साहू, ग्रंथालय सचिव दीपक राठौर, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव परमेश्वर प्रसाद रत्नाकर और छह कार्यकारिणी सदस्यों ने शपथ ली।
शपथ लेते अधिवक्ता।