गणतंत्र दिवस परेड के लिए बहा रहे पसीना
भास्कर न्यूज - जांजगीर
गणतंत्र दिवस परेड के लिए हाईस्कूल मैदान में अभ्यास का दौर चल रहा है। रोजाना सुबह-शाम परेड में शामिल होने वाले प्रतिभागी अपना पसीना बहा रहे हैं। गणतंत्र दिवस की तैयारी के लिए स्कूली छात्र छात्राओं के अलावा पुलिस विभाग की पूरी टीम ने कमर कस ली है।
पिछले सप्ताह भर से से हाईस्कूल मैदान में मार्चपास्ट का अभ्यास चल रहा है। स्कूली छात्र एक ओर जहां लगाकर कदम ताल करते हुए पसीना बहा रहे हैं वहीं पुलिस की टीम भी मैदान में परेड की सलामी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। गणतंत्र दिवस को अब तीन दिन शेष रह गए हैं। हर साल की तरह इस साल भी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह हाईस्कूल मैदान में ही होना है। शहर के 5 प्रमुख स्कूलों को सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपना जौहर दिखाने का अवसर मिलेगा। इन स्कूलों के संचालक भी तैयारी में कोई कसर नहीं छोडऩा चाह रहे हैं। छात्र भी प्रथम पुरस्कार पाने के लिए जमकर रिहर्सल कर रहे हैं। स्कूलों में म्यूजिक सिस्टम की गूंज सुनाई दे रही है।
निकलेंगी दर्जनों झांकियां
गणतंत्र दिवस में विभिन्न विभाग हर साल कई तरह की आकर्षक झांकियां निकलती हैं। इस दिन होने वाले कार्यक्रमों का यह एक बड़ा हिस्सा होती हैं। ऐसे में प्रकृति व विकास से जुड़ी झांकियों का काम भी पखवाड़े भर पहले ही शुरू कर दिया जाता है। जिनमें कई बार सम्मिलित हो चुकी झांकियों में नए उद्देश्यों व संदेशों के साथ अलग-अलग झांकियां परेड मैदान में दर्शकों का मन मोह लेती हैं। इसके लिए भी विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।