फाइल गुमी तो अधिकारियों की खैर नहीं
भास्कर न्यूज - जांजगीर
किसी भी विभाग की कोई भी फाइल गुम हुई तो अधिकारियों की खैर नहीं होगी। फाइल गुमने पर कार्यालय प्रमुख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। कलेक्टर अन्बलगन पी ने इस संबंध में सभी विभाग के जिला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए सजग रहने को कहा है। कलेक्टर ने जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय काम-काज की समीक्षा की। उन्होंने नगरीय निकायों में शिक्षाकर्मियों के रिक्त पदों की भर्ती नियमानुसार करने के निर्देश संबंधितों को दिए।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को शिक्षाकर्मी की भर्ती के लिए रोस्टर अनुसार जानकारी उपलब्ध कराने और विधिवत भर्ती की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। आरक्षण रोस्टर के अनुसार भर्ती का कार्य नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने बैठक में उपस्थित जिला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की फाइल गुमने पर कार्यालय प्रमुख के विरुद्ध प्राथमिकी रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। कार्यालयीन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने विधानसभा प्रश्नों के उत्तर के लिए कलेक्टर कार्यालय में एक डिप्टी कलेक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त करने और सभी विभागों के प्रश्नों के उत्तर उनके माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित जिला मुख्यालय के अधिकारियों को गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को सुबह 7 बजे अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण करने और उसके बाद जिला स्तरीय मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को कोटवारी सेवा भूमि का नामांतरण निरस्त कर कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि भूमि की बिक्री हो चुकी हो तो भी कोटवारी जमीन हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जाए। बैठक में उप पंजीयक को राजस्व रिकार्ड में दर्ज भूमि के अनुसार ही कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि छोटे हिस्सों में प्लाट बनाकर बेचना और खरीदना प्रतिबंधित है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ टामन सिंह सोनवानी, अपर कलेक्टर एसके शर्मा, वनमंडलाधिकारी मणिवासन एस., सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभागीय जिला अधिकारी उपस्थित थे।
चेतावनी - अफसरों को कलेक्टर ने दी हिदायद , रिक्त पदों पर नियमानुसार भर्ती का फरमान
अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर
अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर
कार्य जल्द पूरा करने
के निर्देश
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को चांपा में रेशम विभाग के भवन में प्लेटफार्म और कम्प्यूटर कक्ष का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले की सभी तहसील और उपतहसील कार्यालय में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया जाना है। इस संबंध में शीघ्र ही प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधितों को दिए गए।