- Hindi News
- खेतीहर मजदूरों को दिया गया दक्षता का प्रशिक्षण
खेतीहर मजदूरों को दिया गया दक्षता का प्रशिक्षण
जांजगीर - विकासखंड मुख्यालय नवागढ़ में 20 और 21 जनवरी को कृषि श्रमिकों को दक्षता उन्नयन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पचरी, पचेड़ा, खैरा, नैला, करमंदी के कृषक समूह शामिल हुए। इस अवसर पर किसानों को कृषि यंत्रों का वितरण भी किया गया। जनपद पंचायत नवागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण किसानों के हित में होते हैं।
प्रशिक्षण से किसान उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए। कृषि विज्ञान केन्द्र के इंजीनियर समीर शन्तैया ने कृषि यंत्रों के उपयोग और रखरखाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों के उपयोग से मानव श्रम कम लगता है और खेती साफ-सुथरी, नींदारहित होती है। कृषि यंत्रों के उपयोग से मानव श्रम कम लगने से दक्षता में वृद्धि होती है। वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी नवागढ़ आरएन गांगे और युसुफमोहम्मद खान ने कृषक समूहों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी डीएल साहू ने शासन द्वारा कृषि यंत्रों की खरीदी पर दी जाने वाली अनुदान सुविधाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों सहित पचरी के लोकनारायण, खैरा के बाबूलाल, दौलतराम साहू, करमंदी के मनहरण बिंझवार, गुलाब कश्यप और अन्य समूहों सदस्य उपस्थित थे।