पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अपनी मेहनत से हर क्षेत्र में महिलाएं बढ़ रहीं आगे: प्रधान

अपनी मेहनत से हर क्षेत्र में महिलाएं बढ़ रहीं आगे: प्रधान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जशपुरनगर
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला बाल विकास विभाग ने कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर महाराजा चौक से महारानी कन्या स्कूल की छात्राओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। रैली को जनपद अध्यक्ष इंद्रावती सिंह एवं महिला बाल विकास समिति की अध्यक्ष शारदा प्रधान ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
रैली महाराजा चौक होते हुए शहर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंची। वहां के सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती शारदा प्रधान थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में बाल कल्याण परिषद की सदस्य श्रीमती शीला गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता सगीरा बानो, डॉ. पीसी एक्का एवं परीवीक्षा अधिकारी विनय तिवारी उपस्थित थे। इस मौके पर मुख्य अतिथि श्रीमती प्रधान ने कहा कि बालिका दिवस पर महिला बाल विकास विभाग के द्वारा जो आयोजन किया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज की बालिका जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। चाहे वह खेल हो या राजनीति या फिर घर ही क्यों न हो। सभी क्षेत्र में आज की बालिकाएं बालकों से कंधा से कंधा मिला कर आगे बढ़ रहीं हैं। श्रीमती शीला गुप्ता ने कहा कि आज कि बालिकाएं राष्ट्र मण्डल खेलों में गोल्ड मेडल भी प्राप्त कर रही हैं इसके साथ ही साथ ये बालिकाएं आज के समय में उच्च एवं प्रशासनिक पदों पर भी कार्यरत होकर देश की सेवा कर रहीं हैं। आज के समय में देश में जितनी भागीदारी पुरुषों की है उतनी ही भागीदारी महिलाओं की भी है। इसलिए हमें आज महिला सशक्तीकरण एवं महिलाओं को और आगे लाने की जरूरत है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सगीरा बानो ने कहा कि बेटियां दो कुलों को रोशन करती हैं। घर में बेटी मां-बाप की सेवा करती है और ससुराल में सास-ससुर की। वे हमारी भावी पीढ़ी की जन्मदाता होती हैं। बेटियां हमारा भविष्य हैं और उन्हें बचाना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बेटियां को बचाने के लिए जो भी अभियान चल रहा है। हमें इस अभियान में शामिल होकर सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं को आगे बढऩे की प्रेरणा देते हुए सुश्री बानो ने कहा कि उन्हे आकर अपने मां-बाप के साथ अपने राज्य और जिले का नाम रोशन करना है। उन्होंने बालिकाओं के अधिकारों के बारे में भी कई जानकारी दी। डॉ. पीसी एक्का ने बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारी दी।



क्यों मनाते हैं बालिका दिवस

जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी नेहा राठिया ने बताया के 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस के नाम से जाना जाता है। 24 जनवरी के दिन इंदिरा गांधी को नारी शक्ति के रूप में याद किया जाता है। इस दिन ही इंदिरा गांधी पहली बार प्रधानमंत्री के पद कुर्सी पर बैठीं थीं। वे देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। इसलिए इस दिन को राष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में मनाया जाता है।

प्रतियोगियों को मिला पुरस्कार

महिला एवं बाल विकास विभाग ने बालिका दिवस के अवसर पर निबंध, भाषण और क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया था। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिया गया। इस कार्यक्रम में विशेष बात यह थी कि बालिकाओं के सम्मान के प्रतीक के रूप मंच में एक बालिका रानी को विशेष अतिथि का दर्जा देकर बैठाया गया था।

राष्ट्रीय बालिका दिवस

महिला बाल विकास विभाग ने कई कार्यक्रम आयोजित किए, कार्यक्रम में अतिथियों ने रखे अपने विचार, स्कूली छात्राओं ने निकाली रैली