- Hindi News
- शिशु और महिलाओं के लिए बनाएं माइक्रो प्लान: कलेक्टर
शिशु और महिलाओं के लिए बनाएं माइक्रो प्लान: कलेक्टर
भास्कर न्यूज - जांजगीर
नवजात शिशुओं व गर्भवती महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने व शत- प्रतिशत टीकाकरण तथा वेक्सीनेशन के लिए माइक्रो प्लान बनाने के लिए कलेक्टर अंबलगन पी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है।
कलेक्टर अंबलगन पी ने समय सीमा की बैठक में सीएमएचओ, जिला टीकाकरण अधिकारी व सभी ब्लॉक के बीएमओ से कहा कि शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत टीकाकरण सत्र के दिवसों मे सूक्ष्म योजना के अनुसार पांच वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती माताओं को सभी प्रकार की सेवा प्रदान की जाए। कोई भी शिशु और गर्भवती माता दवा पीने से ना छूटे सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय राजस्व को टीकाकरण दिवस पर मंगलवार और शनिवार अपने अधीनस्थ क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्र का अवलोकन करने के निर्देश दिए। जिले में 2 लाख 4 हजार बच्चों और लगभग 40 हजार गर्भवती माताओं को शिशु संरक्षण माह के दौरान सेवा देने का लक्ष्य रखा गया है।
श्री अन्बलगन ने शिशु संरक्षण माह के संचालन के लिए विकास खण्ड चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि वह अपने क्ष़ेत्र की महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी के साथ समन्वय करें। शिशु संरक्षण माह में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखें और उसका प्रतिवेदन भेजने के साथ ही जानकारी विभागीय पोर्टल में दर्ज करें। कलेक्टर ने कहा कि मुख्य
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी इस क्षेत्र में कार्य करने वाली निजी स्वैच्छिक संस्थाओं से भी गुणवत्ता निरीक्षण का प्रतिवेदन प्राप्त करें। सीएमएचओ डॉ. आरएल धृतलहरे ने बताया कि शिशु संरक्षण माह कोई अलग कार्यक्रम नहीं है, बल्कि क्षेत्र के संदर्भ में यह बच्चों में उत्तरजीविता बढ़ाने के लिए आवश्यक अनुकूलतम पैकेज के साथ एकीकृत किया गया कार्यक्रम है।
माह में की जाएगी
ये गतिविधियां
विटामिन ए, टीकाकरण, गर्भवती महिला की जांच, कृमिनाशक दवा, आयरन गोली, बच्चों में कुपोषण के लक्षणों की जांच और कुपोषित पाए जाने पर परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। छह माह से पांच वर्ष तक की उम्र के सभी बच्चो को आवश्यकतानुसार आयरन फोलिक एसीड की छोटी गोली, सिरप का वितरण किया जाएगा। गर्भवती महिलाओं की जांच और आयरन फोलिक एसिड की बड़ी गोली वितरित की जाएगी। एक वर्ष से पांच वर्ष की उम्र के बच्चों को कृमिनाशक दवा एलबेण्डाजाँल की गोली दी जाएगी।