मनरेगा में होगी कुएं की खुदाई
भास्कर न्यूज - जांजगीर
मनरेगा में अब किसानों के लिए कुएं की खुदाई भी की जाएगी। कुआं निर्माण के कार्य में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अमले की तकनीकी मद ली जाएगी। तीन एकड़ से अधिक खेत वाले किसानों की सहमति से कुआं निर्माण के प्रस्ताव स्वीकृत कर कार्य शुरू कराने के कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर अन्बलगन पी. ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की समीक्षा करते हुए जिले में सभी पंचायतों में रोजगार मूलक कार्य शुरू करने और अधिक से अधिक संख्या में स्थानीय श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी जगह रोजगार मूलक कार्य प्रारंभ होने से श्रमिकों की संख्या बढ़ेगी। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को मार्च-अपै्रल माह तक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार मूलक कार्य स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना तहत तीन एकड़ से अधिक खेत वाले किसानों की सहमति से कुआं निर्माण के प्रस्ताव स्वीकृत कर कार्य शुरू कराएं। कुआं निर्माण के कार्य में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अमले की तकनीकी मद लिए जाने की बात कलेक्टर ने कही। उन्होंने कहा कि काडा नाली के कार्य के लिए प्राकलन सिंचाई विभाग के तकनीकी अमले से तैयार कराकर स्वीकृति के लिए भेजा जाए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में 278 पंचायतों में संचालित रोजगार मूलक कार्यों में लगभग 45 हजार श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है। कलेक्टर ने कहा कि श्रमिकों की संख्या 70 हजार तक ले जाने का लक्ष्य रखें। योजना के तहत प्रतिमाह 20 करोड़ के रोजगार मूलक काम कराने की बात कलेक्टर ने कही। बैठक में जिला पंचायत सीईओ टामन सिंह सोनवानी सहित जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित थे।