- Hindi News
- पाडीखुर्द में मौके पर निपटी ग्रामीणों की समस्या
पाडीखुर्द में मौके पर निपटी ग्रामीणों की समस्या
भास्कर न्यूज - जांजगीर
पाडीखुर्द में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्राप्त 358 आवेदनों में से 137 का मौके पर ही निराकरण किया गया।
विधानसभा क्षेत्र सक्ती के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. खिलावन साहू ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार ने बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की है। लोगों को जागरूक होकर सार्वजनिक हित में इन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से जिला स्तर के सभी अधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहते हैं। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर इनका लाभ लेना चाहिए। शिविर में अतिथियों द्वारा कृषि विभाग की राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना अंतर्गत पांच किसानों को स्प्रेयर यंत्र, मत्स्य विभाग की योजना के तहत चार मछुआरों को नि:शुल्क आईस बाक्स, उद्यान विभाग के राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत बारह किसानों को सब्जी मिनिकिट प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजना के तहत चार गर्भवती माताओं का गोदभराई संस्कार भी शिविर में संपन्न हुआ। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में विभिन्न बीमारियों से ग्रसित 219 रोगियों की जांचकर नि:शुल्क दवा प्रदान की गई और आठ नि:शक्तजनों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। आयुर्वेद विभाग द्वारा 365 रोगियों का उपचार किया गया। पशुधन विकास विभाग द्वारा आयोजित शिविर में किसानों के 494 पशुओं का उपचार, 250 पशुओं के लिए नि:शुल्क औषधि वितरण और 960 प्रतिबंधात्मक टीका लगाया गया। इस मौके पर कलेक्टर अन्बलगन पी. , जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, जनपद पंचायत अध्यक्ष सक्ती श्रीमती अंजू राठौर, उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता साहू, जनपद सदस्य विजय राठौर, मनोहर पटेल, बंशीधर खाण्डे, श्रीमती गीता साहू, त्रिस्तरीय पंचायत के प्रतिनिधि, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व केके शर्मा, विभागीय अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
शिविर में आए ३५८ आवेदनों मे से १३७ को मौके पर निपटाए गए, ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी