पुलिस ने की कड़ी नाकेबंदी
भास्कर न्यूज. जशपुरनगर
गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार की शाम से झारखंड की सीमा सहित शहर की सीमा पर कड़ी नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस व सीआरपीएफ पुरी तरह सतर्क है। झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की चौकस निगाह रख रही है।
नक्सल प्रभावित होने के कारण जिला संवेदनशील है। साथ ही जिले की सीमा झारखंड और उड़ीसा की सीमा के अलावा नक्सल प्रभावित जिले सरगुजा से भी लगती है। झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सलियों की गतिविधियां चलती रहतीं हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर कोई गड़बड़ी न हो और बाहरी राज्यों के असामाजिक तत्व यहां प्रवेश कर कोई गड़बड़ी न फैलाएं, इसके लिए सुरक्षा बल पूरी तरह से सतर्क हैं। एसपी जेएस मीणा के मार्गदर्शन में गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा की रणनीति तैयार कर ली गई है। गुरुवार की सुबह से ही मुख्य समारोह स्थल रणजीता स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 1/4 का गार्ड लगा दिया गया है।
शाम को सन्ना तिराहा, गम्हरिया और गिरांग तिराहे पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और पुलिस के जवानों द्वारा नाकेबंदी कर दी गई। इन स्थानों पर सुरक्षा में लगे जवान बाहर से शहर आने वाले वाहनों की सघन जांच अभियान में लग गए हैं और संदेहियों पर नजर रखना शुरु कर दिए हैं। सीआरपीएफ के जवान शहर के बाहरी इलाकों एवं जंगल में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। इसके अलावा पेट्रोलिंग के लिए पुलिस की 3 टीम बनाई गई है।इसके साथ ही पुलिस के द्वारा गुरुवार की शाम से ही जिले के सभी होटल ढाबों की जांच अभियान भी शुरु कर दी है और आने जाने वालों की पूरी जानकारी एकत्रित कर रही है।