- Hindi News
- वेतन भुगतान में विलंब होने पर होगी कार्रवाई
वेतन भुगतान में विलंब होने पर होगी कार्रवाई
भास्कर न्यूज. जांजगीर
शिक्षक पंचायत संवर्ग के वेतन भुगतान में होने वाली लेटलतीफी पर जिपं सीईओ ने नाराजगी जताई है। उन्होंने आवंटन होने के बाद तत्काल वेतन भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
भुगतान मे विलंब की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। जिला पंचायत सीईओ टामन सिंह सोनवानी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक में ये निर्देश जारी किए। सीईओ ने शिक्षक पंचायत संवर्ग के पदोन्नति प्रस्ताव एवं वरिष्ठता सूची तीन दिन के अंदर भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि सहायक शिक्षक पंचायत एवं शिक्षक पंचायत की वरिष्ठता सूची का प्रकाशन जिले की वेबसाइट पर किया जा सके। उन्होंने जनपद सीईओ, बीईओ को कड़े निर्देश दिए कि कलेक्टर व सीईओ की अनुमति के बाद ही किसी भी शिक्षक को दूसरे विभागों में संलग्न किया जाए। बिना अनुमति के ऐसा किया गया है तो तत्काल मूल शाला संस्था में वापस भेजा जाए। इसके बाद भी अगर कहीं पर कोई शिक्षक संलग्न पाया गया तो संबंधित अधिकारी का वेतन रोका जाएगा। बैठक में शिक्षकों के वेतन आहरण के संबंध में बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतराज व्यवस्था के तहत शाला प्रमुख द्वारा तैयार किए गए पत्रक में शाला प्रबंध समिति अथवा सरपंच के हस्ताक्षर के बाद ही शिक्षकों का वेतन आहरण किए जाने का प्रावधान है। इस प्रावधान का कड़ाई से पालन कराया जाए। शिक्षक पंचायत संवर्ग के वेतन में अंशदायी पेंशन योजना की कटौती के लिए प्रान नंबर अनिवार्य रूप से आवंटित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सतीष पांडेय , जिला पंचायत शिक्षा शाखा के परियोजना अधिकारी केएन पटेल, सहायक परियोजना अधिकारी भागबली जोशी, सहित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौजूद थे।
वेतन भुगतान में विलंब होने पर होगी कार्रवाई
शिक्षक पंचायत संवर्ग के वेतन भुगतान में होने वाली लेटलतीफी पर जिपं सीईओ ने नाराजगी जताई है। उन्होंने आवंटन होने के बाद तत्काल वेतन भुगतान करने के निर्देश दिए हैं