पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • परीक्षार्थी बढ़े पर केंद्र नहीं, होगी परेशान

परीक्षार्थी बढ़े पर केंद्र नहीं, होगी परेशान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज. जांजगीर
बोर्ड की परीक्षाओं के लिए इस साल भी माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जिले में एक भी नए केंद्रों की स्वीकृति नहीं दी है। पिछले साल की तरह इस बार भी 89 केंद्रों में ही बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन केंद्रों में 52 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी
शामिल होंगे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित की जाने वाली हाईस्कूल व हायर सेकंडरी की परीक्षाओं के लिए भले ही एक माह का समय हो लेकिन शिक्षा विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है। पूर्व में नकल के लिए बदनाम जिले की छवि सुधारने के लिए थोक के भाव में खुले परीक्षा सेंटरों को पहले ही बंद कर दिया गया है।
पिछले चार सालों से ब्लॉक मुख्यालयों में ही परीक्षा केंद्र बनाकर परीक्षाएं ली जा रही है। इससे नकल पर रोक लगी है, लेकिन परीक्षार्थियों को केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण परेशानी भी हो रही है। जिले में इस बार भी 88 परीक्षा केंद्र नियमित परीक्षार्थी व 1 केंद्र प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा के लिए 52 हजार 643 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड हैं। मुख्य परीक्षा से पहले स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं ली जा रही है। मुख्य परीक्षा 1 मार्च से शुरू होगी।



हाईस्कूल में घटे तो हायर सेकंडरी में बढ़ गए

गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। हायर सेकंडरी में परीक्षार्थियों की संख्या पिछले साल से लगभग 3 हजार बढ़कर 18 हजार 123 हो गई है। हाई स्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या 36 हजार 253 थी जो इस वर्ष घटकर 34 हजार 520 हो गई है।



27 केंद्राध्यक्ष रिजर्व

89 केंद्रों के लिए 89 केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति का प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा माशिमं को भेजा गया है। अभी केंद्राध्यक्षों की स्वीकृत सूची नहीं आई है। 89 केंद्राध्यक्षों के अलावा सभी 9 विकासखंडों के लिए 27 केंद्राध्यक्ष रिजर्व रखने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

52 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे, 1 मार्च से 89 केंद्रों में ही होगी बोर्ड की परीक्षा, अधिक बच्चे होने के चलते बच्चों को परीक्षा देने में होगी परेशानी, परीक्षा केंद्र बढ़ाने की है मांग