नए मतदाताओं को किया सम्मानित
भास्कर न्यूज.जशपुरनगर
शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस शासकीय कन्या महाविद्यालय में समारोह के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर नए मतदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। साथ ही मतदाताओं को लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण रखने की शपथ दिलाई गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एलएस केन ने समारोह में नए मतदाताओं को इपिक कार्ड का वितरण भी किया। समारोह में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के कृपा प्रसाद सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक, युवतियों को मतदान करने का अधिकार प्राप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मताधिकार का उपयोग चुनाव के समय बड़े ही सोच-समझ कर एवं निर्भिक होकर करना चाहिए। कलेक्टर श्री केन ने कहा कि पहले मतदान का प्रतिशत काफी कम हुआ करता था।
पर अब धीरे-धीरे मतदान का प्रतिशत बढ़ रहा है। अब मतदाता जागरूक हो रहे हैं। अभी हाल में ही संपन्न विधान सभा चुनाव में जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़कर 80 प्रतिशत हो गया। जबकि इसके पहले वाले विधान सभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत कम था। उन्होंने कहा कि जनसंख्या बढऩे के साथ ही मतदाताओं की संख्या भी बढ़ती है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार पूरी जनसंख्या का 65 फीसदी जनसंख्या वोटर्स की होनी चाहिए। जिन युवक युवतियों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो गई हो, उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वा लेना चाहिए। श्री केन ने कहा कि युवा मतदाताओं की सरकार बनाने में अहम भूमिका होती है। जशपुर जिले के शत-प्रतिशत मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज किया
गया है।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं छूटना चाहिए। डिप्टी कलेक्टर आईएल ठाकुर ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2014 अर्हता तिथि 1 जनवरी 2014 की स्थिति में जिले के तीन विधान सभा जशपुर, कुनकुरी एवं पत्थलगांव में कुल 19592 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। जिसमें 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की कुल संख्या 11790 है। जिसमें 6006 मतदाता पुरूष एवं 5784 मतदाता महिला है। कार्यक्रम में कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य, डॉ. विजय, एनईएस कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव के अलावा कॉलेज की छात्राओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं नारालेखन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि
मतदाताओं के लिए आयोजित हुआ कार्यक्रम
मतदाता दिवस