मतदाताओं को जागरूक करने निकली रैली
नए मतदाताओं का स्वागत किया गया, मतदान के लिए शपथ दिलाई गई।
जांजगीर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय जांजगीर में रैली निकाली गई। नेताजी चौक से कचहरी चौक तक मतदाता जागरूकता रैली निकली। इसके बाद कचहरी चौक में सभा हुई। कलेक्टर अन्बलगन पी ने सभा में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके 8 नए मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें मतदाता परिचय पत्र प्रदान किया। सभा में उपस्थित सभी नागरिकों को लोकतांत्रिक मर्यादा को बनाए रखने के लिए निर्भिक और निष्पक्ष होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई। सभा में भारत के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के संदेश का वाचन किया गया।
कलेक्टर ने इस मौके पर कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी नागरिकों का मतदान में सहभागी होना जरूरी है। मतदाताओं के जागरूकता के लिए देश भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि मतदाता सूची का पुनिरीक्षण कार्य निरंतर चलते रहता है। कोई भी नागरिक जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है। मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 31 मार्च को किया जाएगा। अन्बलगन ने कहा कि नागरिक जागरूकता का परिचय देते हुए अपने नाम का अवलोकन कर सकते है। किसी कारण से सूची में नाम शामिल नहीं होने पर इसकी सूचना संबंधित तहसील कार्यालय में बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से दे सकते हैं। मतदाता सूची में ऐसे नाम जिनकी मृत्यु हो गई है अथवा अन्यत्र निवास कर रहें है उनका नाम सूची से विलोपित करने के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विलोपित करवाने अथवा त्रुटि सुधार का कार्य निर्धारित प्रक्रिया तहत किया जाता है, इस कार्य के लिए संबंधित तहसील कार्यालय से कभी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीएल यादव, सयुंक्त कलेक्टर सीडी जांगड़े, जांजगीर अनुविभाग के राजस्व अधिकारी संतोष गुप्ता, जांजगीर महाविद्यालय और विद्यालय के छात्र-छात्रा और शिक्षक उपस्थित थे।
जागरूकता से बढ़ा मतदान
कलेक्टर ने सभा के दौरान बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2013 में मतदाता जागरूकता अभियान के कारण 75 प्रतिशत वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया, जो पिछले विधानसभा निर्वाचन से 10 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि लोकसभा निर्वाचन 2014 में 85 प्रतिशत से अधिक मतदान का लक्ष्य रखकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
फोटो- 25 जेएएन 7 : नगर में निकली रैली
फोटो- 25 जेएएन 8 : मतदान की शपथ लेते विद्यार्थी