- Hindi News
- अभियान ! दो घंटे तक हाथियों ने भी साथी को बचाने का किया प्रयास
अभियान-!-दो घंटे तक हाथियों ने भी साथी को बचाने का किया प्रयास
भास्कर न्यूज - बगीचा/जशपुर
शनिवार की रात गांव के कुएं में एक हाथी गिर गया। जिसे 7 घंटे की कड़ी मेहनत और रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के लिए अलग से एक टीम बनाई गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बेतरा में शनिवार की रात करीब 1 बजे 30-40 हाथियों का दल घुस आया। हाथी के आने की भनक लगते ही ग्रामीण इकट्ठा होकर उन्हें खदेडऩे का प्रयास करने लगे। गांव वाले जब हाथियों को भगा रहे थे, इसी दौरान भागते हुए एक हाथी समतल कुएं में गिर गया। कुआं करीब 20 फीट गहरा था और उसमें पानी कम था। अपने एक साथी को कुएं में गिरता देखकर समूह के सारे सदस्य वहीं रुक गए। समूह के हाथी कुएं को चारो ओर से घेरकर गिरे हाथी को निकालने के लिए सूंड़ कुएं में डालते रहे। करीब दो घंटे तक हाथियों ने अपने साथी को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास किया। पर जब सुबह का उजाला होने लगा, तो सारे हाथी उसे छोड़कर जंगल चले गए। इसकी सूचना ग्रामीणों ने डीएफओ के माचियों और पत्थलगांव एसडीओ लक्ष्मण सिंह को दिया। अधिकारियों के निर्देश पर कुएं में गिरे हाथी के रेस्क्यू के लिए 12 सदस्यों की एक टीम बनाई। टीम का नेतृत्व रेंजर एके सिंह कर रहे थे। जबकि टीम में वन रक्षक नरेंद्र यादव, विनोद भगत, तुलाधर सिंह, अमरनाथ, उमेश पैंकरा, शहनवाज हसन, स्वतंत्रता बाई एवं संगीता शामिल थीं। टीम तड़के ही मौके पर पहुंच गई थी। टीम के सदस्यों ने विचार-विमर्श कर पहले रणनीति बनाई। इसके बाद वहां दो जेसीबी मशीन बुलवाई गई। जेसीबी से तरफ से खुदाई कर कुएं के एक तरफ रास्ता बनाया गया। करीब 8 बजे रास्ता बन गया, तो हाथी उसी रास्ते से कुएं से बाहर निकला।