धड़ल्ले से चल रहा अवैध उत्खनन
भास्कर न्यूज - पत्थलगांव
आसपास के गांवों में कीमती क्वार्टज पत्थर के अवैध उत्खनन से प्रकृति का स्वरूप बिगड़ रहा है। अवैध उत्खनन पर राजस्व के साथ खनिज अमला की चुप्पी से गांव के आसपास पहाड़ और हरियाली पर खतरा मंडराने लगा है। पत्थलगांव विकासखंड में इन दिनों दर्जन भर से अधिक गांवों के आसपास क्वार्टज पत्थर और गिट्टी तोडऩे का काम कराया जा रहा है।
गांव के आसपास बेजा अवैध उत्खनन से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। प्रकृति का स्वरूप बदलने से अब लोगों में चिंता व्याप्त होने लगी है। कटंगजोर, पालीडिह, किलकिला, पाकरगांव व अन्य गांवों के आसपास क्वार्टज पत्थर का अवैध उत्खनन का काम जोरों से चल रहा है। शासन की अनुमति के बगैर गिट्टी और क्वार्टज पत्थर निकाल कर प्रति दिन लाखों रुपयों के राजस्व की चोरी की जा रही है। बताया जाता है कि क्वार्टज पत्थर का अवैध उत्खनन कराने में बड़ा माफिया काम कर रहा है। ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से क्वार्टज पत्थर को निकाल कर इसे रायगढ़, चांपा और ओडिशा के उद्योग धंधों में आपूर्ति किया जा रहा है।
पंगसुआ, कटंगजोर गांव के आस पास बड़े भू-भाग में अवैध क्वार्टज पत्थरों का ढेर लगा हुआ है। इस ढेर से ट्रैक्टर के माध्यम से धड़ल्ले से अवैध परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पत्थलगांव क्षेत्र में पत्थर उत्खनन की लीज नहीं होने के बाद भी राजस्व अमला ने इसकी रोकथाम की कोई पहल नहीं की है।
कीमती क्वार्टज पत्थर का धड़ल्ले से चल रहा उत्खनन, प्रशासन मूक