पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • देशभक्ति के जज्बे के साथ मना गणतंत्र दिवस

देशभक्ति के जज्बे के साथ मना गणतंत्र दिवस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जशपुरनगर
मन में उल्लास, उमंग और देशभक्ति का जज्बा लेकर लोगों ने धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया। रणजीता स्टेडियम में हुए मुख्य समारोह में सांसद विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि श्री साय ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा प्रदेश की जनता के नाम संदेश भी पढ़ा। गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए देश भक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं व्यायाम प्रदर्शन से पूरा स्टेडियम मंत्रमुग्ध हो गया था। कार्यक्रम में शहीद परिवारों के परिजनों को सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों ने विकास पर आधारित जीवंत झांकी का प्रदर्शन भी किया। परेड निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एलएस केन, एसपी जितेंद्र सिंह मीणा भी मुख्य अतिथि के साथ मौजूद थे। ध्वजारोहण व सलामी के बाद मुख्य अतिथि श्री साय ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर एवं रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड में शामिल सशस्त्र जवानों ने तीन चक्र में हर्ष फायर किया। परेड में सीआरपीएफ., जिला पुलिस बल पुरूष एवं महिला, नगर सेना पुरूष, जिला पुलिस बल प्रशिक्षण, एनसीसी सीनियर डिवीजन, एनसीसी जूनियर, स्कॉउट-गाइड, संत जेवियर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालक एवं बालिका क्रीड़ा परिसर, एनएसएस शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय शामिल थे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से खिलाडिय़ों ने ताइक्वांडों कला का लाजवाब प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ठुनी बाई, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रजनी प्रधान, पूर्व विधायक श्री जागेश्वर राम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अनूप नारायण सिंह, पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्णकुमार राय, कलेक्टर एलएस केन, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा, सीआरपीएफ कमांडेंट अखिलेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
झांकी में आजाक विभाग ने मारी बाजी
गणतंत्र दिवस समारोह में कुल 18 विभागों ने झांकी का प्रदर्शन किया था। जिसमें सबसे आकर्षक झांकी रही आदिम जाति कल्याण विभाग की। जिसे प्रथम पुरस्कार दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय और कृषि विभाग को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्राणशंकर मिश्रा एवं शहीद परिवार के सदस्यों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।