कलेक्टर ने कलेक्टोरेट में फहराया तिरंगा
जशपुरनगर.गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय में कलेक्टर एलएस केन ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जिला कार्यालय सभागार में कर्मचारियों ने कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। राजस्व विभाग की कर्मचारी श्रीमती नीलम सिंह ने देशभक्ति गीत ने सभी को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। इस दौरान देश में गणतंत्र की स्थापना, संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एमएल गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर आईएल ठाकुर सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------------
वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
जशपुरनगर. शहर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। यहां प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर इसी स्कूल से पढ़ाई कर देश की सेवा में जान न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। गिरला गांव के रहने वाले कंपनी कमांडर लव भगत, शहर के चौरसिया कॉलोनी निवासी शहीद आरक्षक सेलेस्टिन कुजूर एवं शहीद पात्रिक खलखो को श्रद्धांजलि दी गई। उल्लेखनीय है कि कंपनी कमांडर लव भगत एसटीएफ कोनडोर मारडुम जिला जगदलपुर में पदस्थ थे। बीते 28 अगस्त को वे नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। इसी तरह शहीद आरक्षक सेलेस्टिन कुजूर एसटीएफ दुर्ग में पदस्थ थे। वे भी इसी मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। इसके अलावा शहीद आरक्षक पात्रिक खलखो बीते साल 25 मई को झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए थे।
-----------------------
‘मृगनयनी’ सांस्कृतिक कार्यक्रम में मचेगी धूम
जशपुरनगर. ‘मृगनयनी’ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागी धूम मचाएंगे। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन फास्टेक कंप्यूटर सोसायटी द्वारा 2 फरवरी को शहर के कम्यूनिटी हॉल में किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों के पंजीयन का कार्य जारी है। इस स्पर्धा में स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा अन्य किसी भी संस्था व वर्ग के प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं। पंजीयन की आखिरी तारीख 30 जनवरी है। कार्यक्रम में सिंगल व ग्रुप गीत व नृत्य, फैशन शो, मिस परफेक्ट एवं मि. परफेक्ट, रंगोली, शतरंज, जलेबी दौड़, थाली सजाओ, स्लो साइकिल रेस, कॉमेडी शो, पंजा लड़ाना, फैंसी ड्रेस, मेहंदी, ड्रामा, हेयर स्टाइल एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें जलेबी दौड़ केवल 5 से 10 साल के बच्चों एवं शतरंज प्रतियोगिता 10 साल से ऊपर के बच्चों के लिए है। इसी तरह पेंटिंग प्रतियोगिता को तीन वर्गों में रखा गया है। 5 से 10, 10 से 15 एवं 15 साल से अधिक उम्र के प्रतियोगी इसमें शामिल होंगे। प्रतियोगिता के लिए फाइनल रिहर्सल 31 जनवरी को किया जाएगा।
आउटडोर एवं इंडोर कार्यक्रम होंगे
आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम महाराजा चौक के पास स्थित वशिष्ट कप्यूनिटी हॉल में होंगे। जिसका समय दोपहर 2 बजे है। वहीं खेलकूद प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से वहीं आउटडोर में होंगी। प्रतियोगिताओं के लिए पंजीयन जारी है। आयोजक संस्था इसकी तैयारियों में जुटी हुई है। इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह नजर आ रहा है।
-------------------------
सीआरपीएफ बटालियन मुख्यालय में मना गणतंत्र दिवस
भास्कर न्यूज,जशपुरनगर. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 81 बटालियन मुख्यालय में कमांडेंट अखिलेश कुमार सिंह ने बटालियन के क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद श्री सिंह ने गार्ड की सलामी ली और और क्वार्टर गार्ड पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए 65 वें गणतंत्र दिवस की बधाइयां दी। उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की छत्तीसगढ़ एवं पूरे राष्ट्र में बढ़ती भूमिका के संबंध में बताया। साथ ही बल की सफलता को देखते हुए निरंतर इस बल के हो रहे विस्तार के संबंध में जवानों को अवगत कराया। श्री सिंह ने जवानों को इसी प्रकार अनुशासन बनाए रखते हुए पुरे जोश से अपनी ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर बल के जवानों के नामों का वाचन किया, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए एवं अदम्य वीरता व साहस के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त हुए हैं। इस अवसर पर वाहिनी के अन्य अधिकारी सीआरपीएफ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्येंद्र कुमार, उप कमांडेंट रामअवतार भालोठिया एवं सहायक कमांडेंट हरबंस सिंह उपस्थित थे।