शान से लहराया तिरंगा
भास्कर न्यूज - जांजगीर
गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह जिला मुख्यालय स्थित हाई स्कूल मैदान में हुआ। जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर अन्बलगन पी और एसपी आरिफ शेख के साथ परेड का निरीक्षण किया। श्रीमती पाटले द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। उन्होंने इसके बाद शांति और हर्ष उल्लास के प्रतीक श्वेत कबूतर व रंगीन गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड में शामिल टुकडिय़ों ने हर्ष फायर कर आकर्षक मार्च पास्ट किया। स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न विभागों की विकास से संबंधित झांकियां का प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकी प्रदर्शन के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। समारोह में शील साहित्य परिषद द्वारा प्रकाशित वरिष्ठ साहित्यकार ईश्वरी यादव रचित पुस्तक ‘जरा याद करो कुर्बानी’ का विमोचन किया गया।
परेड में सशस्त्र बल सीनियर वर्ग की 11 वीं बटालियन भारत रक्षित, जिला पुलिस बल पुरुष, जिला पुलिस बल महिला विंग, जिला नगर सेना बल, वन विभाग, एनसीसी ट्ऱुप नंबर 325, एनसीसी बालिका विंग ज्ञानदीप , गाइड दल गट्टानी कन्या उमावि, गाइड दल कन्या पूमाशा, स्काउट दल ज्ञानदीप, जिला कोटवार दल की टुकडिय़ों ने भाग लिया किया। परेड कमांडर सुश्री शीतल सिदार के नेतृत्व में आकर्षक परेड हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रारंभ सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन से हुआ। जिले की मिडिल और हाईस्कूल की लगभग 600 छात्र-छात्राओं द्वारा बैंड धुन पर सामूहिक पीटी का प्रदर्शन किया गया। अंत में सांसद पाटले ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभागीय विकास प्रदर्शनी, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में जांजगीर-चांपा विधायक मोतीलाल देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सूरज व्यास कश्यप, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रमेश पैगवार, उपाध्यक्ष श्रीमती नीता थवाईत, जिला पंचायत सदस्य दिनेश शर्मा सहित नगरीय निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जिला कार्यालय
में फहराया तिरंगा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर अन्बलगन पी. ने जिला कार्यालय में ध्वजारोहण किया। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कहा कि अपने-अपने कार्य क्षेत्र में सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही देशभक्ति है।