- Hindi News
- चडिय़ा संगम में श्रद्धालु करेंगे पवित्र स्नान आजअनन्य दिवस आज
चडिय़ा संगम में श्रद्धालु करेंगे पवित्र स्नान आजअनन्य दिवस आज
भास्कर न्यूज - जशपुरनगर
ब्रह्मनिष्टालय सोगड़ा आश्रम के पास स्थित ग्राम चडिय़ा के त्रिवेणी संगम में बुधवार को अनन्य दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान करेंगे। यह आयोजन सर्वेश्वरी समूह द्वारा किया गया है। अनन्य दिवस के लिए श्रद्धालुओं का सोगड़ा पहुंचना शुरू हो गया है। आश्रम समिति के द्वारा यहां व्यापक तैयारी की जा रही है।
हर वर्ष होने वाले इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल होने आते हैं और यहां के तीन नदियों के संगम में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। मान्यता है कि माघ कृष्ण चर्तुदशी को सर्वेश्वरी समूह के संस्थापक और अघोर संत अघोरेश्वर भगवान राम इलाहाबाद के त्रिवेणी संगम में सिद्धि प्राप्त हुई थी। तब से इस दिन को सर्वेश्वरी उपासकों के द्वारा अनन्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। सर्वेश्वरी समूह के संस्थापक और अघोर संत अघोरेश्वर भगवान राम के देश भर में लाखों की संख्या में भक्त हैं, जो समूह के विभिन्न शाखाओं के माध्यम से आध्यात्मिक और समाज सेवा के कार्यों में जुटे होते हैं।
अनन्य दिवस के अवसर पर ग्राम चडिय़ा स्थित त्रिवेणी संगम में बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के श्रद्धालु संगम स्नान के लिए आ रहे हैं। बुधवार को अनन्य दिवस के अवसर पर ग्राम चडिय़ा में सोगड़ा काली मंदिर से अवधूत भगवान राम के चित्र के साथ झांकी निकाली जाएगी। जिसमें कीर्तन भजन के साथ श्रद्धालु झूमते-गाते शामिल होंगे। चडिय़ा गांव के पास स्थित संगम स्थल पर सर्वेश्वरी समूह का ध्वजारोहण किया जाएगा।
श्रद्धालु यहां संगम स्नान करेंगे और यहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी सहभागी बनेंगे। इस अवसर पर यहां विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है। विभिन्न कार्यक्रमों के साथ यहां आध्यात्मिक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया है। जिसमें जशपुर सहित झारखंड, बिहार के वक्ता व्याख्यान देंगे।
श्रद्धालु करेंगे पवित्र स्नान आज
अनन्य दिवस आज
चडिय़ा के त्रिवेणी संगम में कार्यक्रम की तैयारी पूरी