राघवेंद्र ने दी जमीन, अब बनेगा हाईस्कूल
जांजगीर - ग्राम पंचायत कुटरा में अवैध अतिक्रमण के कारण हाईस्कूल भवन बनाने के लिए भी जमीन नहीं है। चार साल से पंचायत द्वारा सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण स्कूल का निर्माण कार्य अटक गया है। गांव के उत्साही युवा राघवेंद्र पांडे ने हाईस्कूल बनाने के लिए अपनी निजी जमीन देने की घोषणा की है।
अब हाईस्कूल का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकेगा। जिले में जमीन सोने से भी ज्यादा कीमती है। एक- एक इंच जमीन के लिए जहां लोग झगडऩे लगते हैं। वहीं जांजगीर के युवा राघवेंद्र पांडे ने ऐसी मिसाल कायम की है जो कम ही देखने का मिलती है। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम कुटरा राघवेन्द्र का मूल ग्राम है। वहां हाईस्कूल खोलने की घोषणा सरकार द्वारा चार साल पहले की गई। स्कूल प्रारंभ भी हुआ लेकिन भवन के अभाव में मिडिल स्कूल में ही हाईस्कूल लगता है। सरकार द्वारा हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 52 लाख रुपए की स्वीकृति भी दी गई। लेकिन पंचायत के पास जमीन की समस्या आ गई। ग्राम पंचायत द्वारा हाईस्कूल भवन के लिए जमीन की मांग की गई थी। राघवेंद्र पांडेय ने 26 जनवरी के समारोह के अवसर पर हाईस्कूल बनाने के लिए अपनी जमीन देने की घोषणा मंच से की।
पहले भी दे चुके हैं दान
राघवेंद्र पांडेय ने बताया कि उनके पिता रामसरकार पांडेय की स्मृति में पहले भी प्रायमरी और मिडिल स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र के लिए जमीन दान में दी है। इसी कारण मिडिल स्कूल का नामकरण उनके पिता स्व. राम सरकार पांडेय के नाम पर किया गया है। श्री पांडेय ने बताया कि उनके पूर्वजों ने शिक्षा के विकास के लिए हमेशा प्रयास किया है। उन्हीं की प्रेरणा से भूदान किया गया है।
फोटो- 28 जेएएन 2 : राघवेन्द्र पाण्डेय
=======