पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अटल आवास की स्थिति जानने पहुंचे हाउसिंग बोर्ड के अफसर

अटल आवास की स्थिति जानने पहुंचे हाउसिंग बोर्ड के अफसर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - खरसिया
अटल आवास अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी को खरसिया के गीधा स्थित हाउसिंग बोर्ड द्वारा निर्मित अटल आवास की चिंता हुई तो वह मंगलवार को उसका हाल जानने खरसिया पहुंचे। हाउसिंग बोर्ड के उक्त अधिकारी को प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष कमल गर्ग ने तल्ख लहजे में टूटे फूटे अटल आवासों को शीघ्र मरम्मत कराकर हितग्राहियों को आवंटित करने की बात कही।
विदित हो कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम पर छत्तीसगढ भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेशों की तहसील मुख्यालयों में गरीबो को पक्का मकान दिलाने के लिए अटल आवास का निर्माण कराया है, किंतु खरसिया विकासखंड के गांव गीधा में निर्मित अटल आवास अपने प्रारंभिक काल से ही विवादों में रहा है। अटल आवास पूर्ण हो चुके है, किंतु उसकी जर्जर अवस्था को देखते हुए गरीबों का पक्के मकान बनाने का सपना चूर-चूर हो गया। खरसिया विकासखंड में बने 250 अटल आवासों में से कुछ अटल आवासों को छोड़ दिया जाय तो हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों की लापरवाही के कारण पूरा अटल आवास बसने के पहले ही उजाड़ हो गया है। कोई भी हितग्राही कई साल बीतने के बाद भी इसे लेने का इच्छुक दिखाई नहीं दे रहा है। मंगलवार को कई हितग्राहियों ने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी के समक्ष जमा पैसा वापस करने की मांग की। जिसे प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल गर्ग ने समझाइश देते हुए कहा कि आप लोगो का पैसा कहीं नहीं जाएगा, जब चाहेंगे पैसा वापस हो जाएगा। किंतु मेरी अपील है कि पैसा वापस लेने के बजाय इन मकानों का कब्जा प्राप्त कर इसमें रहना प्रारंभ करे तो निश्चित ही इस अटल आवास परिसर में बने मकानों मे रौनक आ जाएगी। इस पर कुछ हितग्राहियों ने श्री गर्ग की बात मानते हुए मकान का कब्जा प्राप्त करने में सहमति प्रदान की, वहीं हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी ने कहा कि आगामी 11 फरवरी को समस्त हितग्राहियों की एक बैठक स्थानी रेस्ट हाउस में आयोजित की जाएगी, जिसमें हितग्राही अपनी समस्याओं से हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करा सकते है।




अटल आवास का हाल जानते हाउसिंग बोर्ड के अफसर व जर्जर अटल आवास।