नक्सलियों के ठिकानों में दे रहे दबिश
जशपुरनगर - ठुठीअंबा क्षेत्र को छोड़कर उस क्षेत्र से नक्सली बुधराम का दस्ता ग्रामीणों और पुलिस के दबाव को देखकर वहां से गायब हो चुका है। ग्रामीण और पुलिस दोनों ही लगातार ठुठीअंबा क्षेत्र के जंगलों में दबिश दे रहे हैं व आसपास के गांव को खंगाला जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ये क्षेत्र इनके आंतक से मुक्त नहीं होंगे तब तक उनका अभियान जारी रहेगा।
पिछले एक वर्ष से ठुठीअंबा और आसपास के क्षेत्र में नक्सली कमांडर बुधराम का दबदबा कायम था। ग्रामीणों को परेशान करने के साथ-साथ लेवी वसूली मारपीट व लूट पाट के कई घटना इसके खिलाफ दर्ज हैं।
इसके साथ-साथ झारखंड में भी बुधराम की खोज की जा रही है। एक माह पूर्व ही लेवी नहीं देने के कारण इसके दस्ता ने उस क्षेत्र में काम कर रहे ठेकेदार के तीन गाडिय़ों को आग के हवाले कर दिया था। -शेष पेज 14
इसके बाद ग्राम ठुठीअंबा में एक व्यक्ति को बुरी तरह से पीटने से नाराज ग्रामीणों ने स्वत: ही उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बीते गुरूवार को ग्रामीणों के दल ने उसे दौड़ाया था और पुलिस को इसकी सूचना दे दी थी। लेकिन मौके से बुधराम जंगल का फायदा उठा कर भाग निकलने में कामयाब हो गया था। इसके बाद तो ग्रामीणों ने इनके खिलाफ अभियान ही शुरू कर दिया।
आज भी जारी रहा अभियान
ठुठीअंबा और आसपास के ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों को बुधवार को भी दिनभर खंगाला और जहां भी उसके होने की जानकारी मिल रही है। उस दिशा में भी ग्रामीण और पुलिस दोनों मोर्चाबंदी कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के 300 जवान भी इस क्षेत्र में लगातार अलग-अलग दिशाओं में सर्चिंग कर रहे हैं और ग्रामीणों को सुरक्षा दे रहे हैं।
ग्रामीणों को दिया गया समझाइश
ग्राम ठुठीअंबा के लोगों से मिलकर पुलिस के लोगों ने उन्हें समझाइश दी और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। ग्रामीणों को कहा गया कि वे अपने काम धंधे में ध्यान रखें और पुलिस उनकी सुरक्षा का ध्यान रख रही है।जानकारी के मुताबिक पुलिस की दो टीम बुधवार को भी क्षेत्र के कई स्थानों में दबिश दी। लेकिन उन्हें कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने बताया कि लगातार इस क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है।और हर मुमकिन लोगों की सुरक्षा के लिए सतर्क है।
॥क्षेत्र में पुलिस आज भी सर्चिंग में थी, थाना प्रभारी का दल आज ग्रामीणों से मिलकर उन्हें समझाइश दी है और वहां की स्थिति की जानकारी ली गई है। किसी भी ग्रामीण को कोई भी सूचना मिले उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दे पुलिस उसका नाम गोपनीय रखेगी। पुलिस सतर्कता बरत रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए अलर्ट भी है।
जेएस मीणा, एसपी जशपुरनगर