- Hindi News
- नहीं बिछी पाइप लाइन, ढोड़ी कुएं का पानी पी रहे लोग
नहीं बिछी पाइप लाइन, ढोड़ी कुएं का पानी पी रहे लोग
सागर जोशी - कुनकुरी
नगर विकास के हो रहे बड़े-बड़े दावों के बीच नगर पंचायत क्षेत्र के अन्तर्गत बंदराखसरा नाला के समीप स्थित वार्ड के निवासी आज भी पेयजल समस्या से जूझ रहे है और उन्हें खेतों में स्थित ढोड़ी एवं कुएं का पानी पीना पड़
रहा है।
क्षेत्र के नागरिकों द्वारा विगत दो वर्षों से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अनेकों आवेदन देने के बाद भी इनके क्षेत्र में नल जल प्रदाय योजना में शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। एक ओर जहां नगर पंचायत द्वारा अपने सीमा क्षेत्र से बाहर जाकर संरक्षित वन क्षेत्र में हुए अतिक्रमणों में पेयजल उपलब्ध कराने में विशेष रूचि ली जा रही है। वही दूसरी ओर नगर पंचायत क्षेत्र के निवासी कुओं एवं ढोडिय़ों का पानी पीने के लिए मजबूर हैं। नगर पंचायत कुनकुरी के हुए पुनर्गठन के बाद नगरवासियों में बुनियादी सुविधाओं के बहाल होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन बेतरतीब निर्माण कार्यों के प्रति नगर पंचायत के बढ़े रुझान से पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा साढ़े तीन गुना बढ़े शुल्क के उपरांत भी क्षेत्रवासियों को उपलब्ध नहीं हो पा रही है।