पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कांग्रेस का आर्थिक नाकेबंदी व धरना प्रदर्शन आज

कांग्रेस का आर्थिक नाकेबंदी व धरना प्रदर्शन आज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जांजगीर
प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों द्वारा 31 जनवरी को प्रदर्शन किया जाएगा। नगर के शारदा चौक में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक धरना देकर आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले वाहनों को रोका जाएगा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा गत विधानसभा चुनाव में किसानों को 24 सौ रुपए प्रति क्ंिवटल धान की खरीदी मूल्य देने के अपने वायदे से मुकर जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह आंदोलन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुश्री शशिकांता राठौर की अगुवाई एवं विधायक मोतीलाल देवांगन व चुन्नीलाल साहू की उपस्थिति में जिले के कांग्रेसजनों द्वारा धरना देकर आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी। इस संबंध में जिला कांग्रेस महामंत्री आभास बोस ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार द्वारा किसानों को उनका जायज हक नहीं दिया जा रहा है। किसानों से किए गए वादे ताक पर रख दिए गए है। इन मांगो पर वर्तमान भाजपा सरकार को घेरते हुए व अन्य स्थानीय समस्याओं को शामिल कर आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विवेक सिंह सिसोदिया ने कहा कि 31 जनवरी को राष्ट्रीय व राजकीय राज मार्गो में आवागमन बाधित कर राज्य में सारी आर्थिक गतिविधियों को एक दिन के लिए रोका जाएगा। कांग्रेस की मांग है कि विधानसभा चुनावों के भाजपा के घोषणा पत्र के अनुसार 24 सौ रुपए प्रति क्ंिवटल धान की कीमत दी जाए। सरकारी धान खरीदी में परिवहन, तौल, बारदाना और भुगतान में किसानों को धान खरीदी में हो रही कठिनाइयों को दूर किया जाए। वर्ष 2008 से 2013 तक बकाया धान के बोनस की राशि 3880 करोड़ रुपए किसानों को दी जाए। सिंचाई के पंपो की बिजली मुफ्त दी जाए और पिछले पांच सालों में वसूली गई किसानों के बिजली बिल की राशि लौटाई जाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुश्री राठौर ने पार्टी के विधायक, पूर्व सांसद और समस्त कार्यकर्ताओं से इस मौके पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।