- Hindi News
- जनवरी 2014 से शिक्षाकर्मियों को अंशदायी पेंशन की कटौती
जनवरी 2014 से शिक्षाकर्मियों को अंशदायी पेंशन की कटौती
जशपुरनगर - छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत को पत्र प्रेषित कर शिक्षा कर्मियों के बहुप्रतिक्षित अंशदायी पेंशन योजना के शुभारंभ की हरी झंडी दे दी है। उक्त आशय की जानकारी छत्तीसगढ़ शिक्षा कर्मी संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री लीलाधर बंजारा एवं जिला अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दी है। उन्होंने बताया कि शिक्षा कर्मियों को अंशदायी पेंशन योजना का लाभ 01अप्रैल 2012 से प्राप्त होगा।
इस आशय का पत्र शासन द्वारा पूर्व में जारी किया जा चुका है। जिसके अनुसार शिक्षा कर्मियों के मूल वेतन का 10 प्रतिशत राशि काटकर शिक्षा कर्मी की स्थाई लेखा में जमा किया जायेगा तथा उतनी ही राशि नियोक्ता द्वारा जमा कराया जायेगा। जिससे शिक्षाकर्मियों के खाते में कुल 20 प्रतिशत राशि प्रतिमाह जमा होती जाएगी। इससे शिक्षा कर्मी वर्ग 03 को 760 से 1968 तक, वर्ग 02 को 900 से 2700 तक तथा वर्ग 01 को 1060 से 2906 तक के खाते में जमा होगी। जिला अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में कार्यरत अधिकांश शिक्षाकर्मियों को स्थाई लेखा क्रमांक आबंटित किया जा चुका है। शासन के निर्देशानुसार शिक्षाकर्मियों के माह जनवरी 2014 ((पेड इन फरवरी 2014)) के वेतन से मूल वेतन का 10 प्रतिशत राशि अनिवार्य रूप से कटौती की जावे। उतनी ही राशि संबंधित शिक्षा कर्मी के खाते में नियोक्ता द्वारा अंशदान जमा की जाएगी। चूंकि इस योजना का प्रारंभ अपै्रल 2012 से होना था, परन्तु अभी तक राशि की कटौती नहीं हुई है। माह जनवरी 2014 से वर्तमान माह तथा पूर्व की अवधि का एक माह अर्थात् दो-दो माह की कटौती एवं उतनी ही राशि नियोक्ता द्वारा जमा की जाए। यह प्रक्रिया तब तक अपनाई जाए जब तक दिसंबर 2013 तक पुरानी अवधि की कटौती पूर्ण न हो जाए। दिसंबर 2013 तक की कटौती पूर्ण होने के उपरांत नियमित रूप से वर्तमान माह की कटौती की जाए। उन्होंने बताया कि शासन के द्वारा जारी उक्त आशय का पत्र जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं समस्त विभागाध्यक्ष को प्रेषित करते हुए कटौती शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई है।