- Hindi News
- खुशकिस्मत हूं कि देव भूमि की सेवा का मौका मिला : उर्मिला सिंह
खुशकिस्मत हूं कि देव भूमि की सेवा का मौका मिला : उर्मिला सिंह
भास्कर न्यूज - अम्बाला
कुरुक्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहीं हिमाचल की राज्यपाल उर्मिला सिंह बुधवार शाम को कुछ देर के लिए अम्बाला के सर्किट हाऊस में रुकीं। यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सीटीएम प्रतिमा चौधरी, एसीपी कैंट राहुल देव और कैंट नायब तहसीलदार अनिल कौशिक ने फूलों का गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया। हरियाणा पुलिस की ओर से राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। राज्यपाल उर्मिला सिंह यहां लगभग एक घंटे तक रुकीं।
दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए राज्यपाल उर्मिला सिंह ने कहा कि वह अपने आप को खुशनसीब समझती हैं कि उन्हें देवभूमि हिमाचल की सेवा करने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि चाहे कितनी भी व्यस्तता हो वह भगवान की स्तुति के लिए वक्त निकाल ही लेती हैं। इससे ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि संत महात्माओं के सानिध्य में जाकर मनुष्य के जीवन को दिशा मिलती है। जीवन की हर परेशानी का समाधान हमारे धार्मिक ग्रंथों में ही मिल जाता है। इनका निरंतर पठन और पाठन करते रहना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि भक्ति में गजब की ताकत होती है जो व्यक्ति को हमेशा ऊर्जावान रखती है। राज्यपाल ने लौटते हुए कहा कि अम्बाला एक विश्व प्रसिद्ध शहर है जिसे पूरी दुनिया के लोग प्यार करते हैं। यहां के लोग भी मिलनसार और मृदुभाषी हैं। इसके बाद वह कुरुक्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गईं।
हिमाचल की राज्यपाल का अम्बाला में हुआ स्वागत
कैंट रेस्ट हाउस में गार्ड ऑफ ओनर के दौरान सलामी लेतीं हिमाचल की गर्वनर उर्मिला सिंह।