- Hindi News
- पदयात्रा के माध्यम से 308 गांवों के युवाओं को जागरूक करेगा जय हिंद एकता मंच
पदयात्रा के माध्यम से 308 गांवों के युवाओं को जागरूक करेगा जय हिंद एकता मंच
भास्कर न्यूज - अम्बाला
दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाले भूतपूर्व सैनिकों और समाजसेवियों ने बेरोजगारी और नशे आदि जैसी समस्याओं से जूझ रहे युवाओं के लिए कुछ करने की ठानी है। इसीलिए उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जय हिंद एकता मंच बनाया है। कैंट में एक पत्रकारवार्ता के दौरान मंच के संयोजक व भूतपूर्व सैनिक वेद प्रकाश दहिया, जगीर सिंह व प्रेमचंद लबाना ने इसके अस्तित्व में आने की घोषणा की।
वेद प्रकाश दहिया ने कहा कि 1857 की जंग का आगाज भी अम्बाला से हुआ था। अम्बाला वीरों और जांबाज सैनिकों की धरती है। परंतु यहां के युवा को नौकरियों के लिए न तो सही मार्गदर्शन मिल पा रहा है और न ही उचित अवसर। दहिया ने बताया कि 26 जनवरी यानि गणतंत्र दिवस पर जयहिंद एकता मंच की ओर से 308 गांवों के लिए एक पदयात्रा निकाली जाएगी जिसमें अम्बाला के 82, यमुनानगर 124 और कुरुक्षेत्र 102 गांव शामिल होंगे। जगीर सिंह लबाना ने बताया कि इन गांवों में जाकर बेरोजगार और नशे की मार झेल रहे लोगों का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा। सरकार की ओर से इन्हें मदद दिलवाने की गुहार लगाई जाएगी। जगीर सिंह ने कहा कि युवाओं को सेना में भर्ती होने की बारीकियों के बारे में भी विस्तार से समझाया जाएगा ताकि वह सेना में जाकर अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकें। प्रेमचंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार यदि सरकार युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करे तो इससे बेरोजगारी और नशे जैसी समस्याओं से निजात मिल जाएगी। इस अवसर पर सुखविंद्र, रिंकू, कर्मबीर, कुलदीप, भावना, प्रियंका, नेहा, नवनीत, लवली, सतनाम, रणदीप, जगत लाल, हरदीप, सुखबीर, ईश्वर सिंह, रूपेश, संजीव व बलविंद्र सिंह आदि भी मौजूद रहे।
कैंट में पत्रकारवार्ता करते जयहिंद एकता मंच के पदाधिकारी।