- Hindi News
- पुलिस लाइन मैदान में नहीं अनाज मंडी में होगा समारोह
पुलिस लाइन मैदान में नहीं अनाज मंडी में होगा समारोह
भास्कर न्यूज - अम्बाला सिटी
बरसात ने एक बार फिर गणतंत्र दिवस समारोह का स्थान बदलने के लिए जिला प्रशासन को मजबूर कर दिया। पिछले साल भी समारोह का स्थान पुलिस लाइन से बदलकर नई अनाज मंडी में किया गया था। इस बार यहीं पर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह होगा। बुधवार को हुई बरसात की वजह से समारोह का स्थान बदला गया है।
गुरुवार को नई अनाज मंडी में जहां पुलिस और मार्च पास्ट की अन्य टुकडिय़ों ने पूर्वाभ्यास में खूब पसीना बहाया वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी के लिए बच्चों ने जमकर अभ्यास किया। पीटी शो की तैयारी के लिए भी 1000 बच्चों ने एक साथ अभ्यास करके कदमताल मिलाने की कसरत दोहराई। तैयारियों के मद्देनजर 24 जनवरी को अनाज मंडी में ही फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। जबकि 25 जनवरी को रिहर्सल का अवकाश रहेगा। बच्चे मुख्य कार्यक्रम 26 जनवरी के लिए तैयारी करेंगे। फाइनल रिहर्सल का निरीक्षण डीसी केएम पांडुरंग करेंगे। गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में वित्तमंत्री हरमोहिन्द्र सिंह चट्ठा ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।
पुरानी अनाज मंडी में फहराया जाएगा तिरंगा: अंजुमन इस्लाहुल मुस्लमीन की बैठक गुरुवार को पुरानी अनाज मंडी स्थित मुख्यालय में हुई। जिसकी अध्यक्षता कमरूल इस्लाम ने की। कमेटी में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 को पुरानी अनाज मंडी में सुबह 8 बजे तिरंगा फहराया जाएगा। तिरंगा फहराने की रस्म कमेटी के जिला सदर सैयद अहमद खान करेंगे। बैठक में इरफान अहमद, मोहम्मद शाहिद, साबिर अली, वकील अहमद, कारी अब्दुल गफ्फार, मोहम्मद शरीक मौजूद थे।
गुरुवार को पुलिस और मार्च पास्ट की टुकडिय़ों ने अभ्यास किया, आज होगी फुल ड्रेस रिहर्सल
बच्चों को प्रस्तुति का क्रम बताया
गुरुवार को पूर्वाभ्यास एडीसी मुकेश आहुजा की अध्यक्षता और सिटी मजिस्ट्रेट प्रतिमा चौधरी की देखरेख में हुआ। बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति का क्रम भी बताया गया। क्रम के मुताबिक ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, मुख्यातिथि का संदेश और मार्चपास्ट के उपरांत बच्चों द्वारा शानदार पीटी प्रदर्शन किया जाएगा। यह पीटी अम्बाला पब्लिक स्कूल के बैंड की धुन पर हरजीत के नेतृत्व में की जाएगी। इसी प्रकार मार्चपास्ट का प्रदर्शन पीएसीपी सुरेंद्र कौर के नेतृत्व में किया जाएगा। मार्चपास्ट के अंत में युक्ति नरवाल के नेतृत्व में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल का बैंड दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा।