औद्योगिक क्षेत्र को 20.30 घंटे बिजली
भास्कर न्यूज - अम्बाला सिटी
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली आपूर्ति की नई समय सारिणी जारी की है। सारिणी के मुताबिक कृषि क्षेत्र को प्रतिदिन 8 घंटे तथा औद्योगिक क्षेत्र को 20.30 घंटे तीन फेस बिजली आपूर्ति की जाएगी।
निगम के अम्बाला सर्कल के अधीक्षक अभियंता आरके शर्मा ने बताया कि नई समय सारिणी के मुताबिक शहरी और अर्ध शहरी फीडरों पर घरेलू बिजली आपूर्ति 20 घंटे रहेगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू बिजली आपूर्ति 14 घंटे दी जाएगी। कृषि क्षेत्र में ग्रुप ए फीडर पर रात्रि 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक तथा बाद दोपहर 3 से लेकर 4 बजे तक तीन फेस बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसी प्रकार ग्रुप बी फीडर पर सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक और बाद दोपहर 4 से 6 बजे तक तीन फेस बिजली आपूर्ति निर्धारित की गई है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू तीन फेस बिजली आपूर्ति की समय सारिणी में ग्रुप ए व बी में शाम 6 से रात्रि 12 बजे तक, रात्रि 1 बजे से सुबह 7 बजे तक तथा दिन में दोपहर 1 से 3 बजे तक निर्धारित की गई है। इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र में रात्रि 10 बजे से लेकर अगले दिन शाम 6:30 बजे तक बिजली आपूर्ति की जाएगी, जबकि शाम 6:30 से लेकर रात्रि 10 बजे तक 3:30 घंटे पीक लोड आधी रहेगी। शहरी और अर्ध शहरी फीडरों पर प्रतिदिन सुबह 10 से 11 बजे, बाद दोपहर 2 से 3 बजे तक, रात्रि 8 से 9 बजे तक और रात्रि 12 से 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रतिदिन 20 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी।
बिजली निगम ने नई समय सारिणी जारी की