- Hindi News
- अम्बाला में भी दर्शन होंगे वैष्णो माता की पिंडी के
अम्बाला में भी दर्शन होंगे वैष्णो माता की पिंडी के
भास्कर न्यूज - अम्बाला सिटी
सिटी के सेक्टर-10 में रविवार को हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष शक्तिरानी शर्मा ने नवनिर्मित माता वैष्णो देवी मंदिर का उद्घाटन किया। समारोह गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की मौजूदगी में हुआ। मंदिर का निर्माण माता वैष्णो देवी मंदिर कटरा जम्मू की तर्ज पर सनातन धर्म सभा सेक्टर-10 ने कराया।
मंदिर में वातानुकूलित हाल बनाया गया है, जिसमें माता वैष्णो देवी, हनुमान, साईं, राधा-कृष्ण, राम परिवार, मां काली, शिव परिवार व शिवालय का भव्य स्वरूप बनाया गया है। इस हॉल के साइड में मनभावन अति सुंदर माता वैष्णो देवी यात्रा का अवलोकन कटरा से यात्रा शुरू करते हुए साझी छत, गर्भ जून, बाण गंगा व हाथी मत्था होते हुए माता के दरबार में पहुंचने तथा वहां पर गुफा से होते हुए श्रद्धालु वैष्णो माता की पिंडी के दर्शन करेंगे। मंदिर में सभा द्वारा तीन पुजारियों सहित 14 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निकट भविष्य में लिफ्ट बनाने तथा बाहर से आने वाले लोगों के लिए आधुनिक धर्मशाला बनाने का प्रावधान है। ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि प्रभु एक है। यद्यपि उसे मानने की विधियां अलग-अलग हैं, लेकिन सभी धर्मों में एक ही संदेश दिया गया है कि मानव से प्यार करो और सदा दीन-दुखियों की सेवा करो। इस अवसर पर सभा के प्रधान एसपी गोयल ने बताया कि मूर्ति स्थापना से पूर्व विद्वान पंडितों ने हवन किया। इस अवसर पर सभा के महासचिव नीरू वढेरा, जेएस राठौर, वरिष्ठ उपप्रधान प्रभु दयाल, उपप्रधान बीएम गुप्ता, सहसचिव भारत रतन व ऑडिटर रविंद्र चोपड़ा मौजूद रहे।
शुभारंभ - सेक्टर-10 में नवनिर्मित माता वैष्णो देवी मंदिर का उद्घाटन
माता वैष्णो देवी मंदिर के उद्घाटन अवसर पर मौजूद श्रद्धालु।