पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पार्षदों से पूछे बिना ही बना दिया एजेंडा

पार्षदों से पूछे बिना ही बना दिया एजेंडा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अम्बाला सिटी. नगर निगम की 30 जनवरी को होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। क्योंकि मेयर को इस दिन किसी काम के लिए बाहर जाना है। अब यह बैठक कब होगी इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। वैसे भी बैठक के लिए जो एजेंडा तैयार किया गया, उसमें अधिकांश पार्षदों से वार्ड के विकास के बारे में नहीं पूछा गया। उन्हें सीधा ही एजेंडा थमाकर बैठक के लिए आमंत्रित कर दिया गया था। जो एजेंडा तैयार किया गया, उसमें कोई कैंट के विकास के बारे में ज्यादा तवज्जो नहीं दी गई।

निगम की बैठक बुधवार को सुबह 11 बजे होनी थी। जैसे ही एजेंडा पार्षदों के पास पहुंचा। उनकी त्यौरी चढ़ गई थी, क्योंकि कई पार्षद ऐसे थे जिनसे एजेंडा तैयार करते वक्त कुछ पूछा तक नहीं गया। न ही उनसे वार्ड की समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की गई। पार्षदों ने सीधा मेयर पर आरोप जड़ दिए गए कि वह अपनी मनमर्जी से एजेंडा तय कर रहे हैं।

पिछली नगर निगम की बैठक में सब कमेटियां बनाने का मुद्दा उठा था। पार्षदों के तेवर देखते हुए मेयर ने 20 दिन के अंदर सब कमेटियां गठित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो माह होने को आ गए। अभी तक सब कमेटियों का गठन नहीं हुआ है। जिससे पार्षद पूरी तरह से खफा हैं। यही नहीं पिछली बैठक में जो प्रोसिडिंग हुई थी वह भी पार्षदों को नहीं मिली है।

ये बोले पार्षद
30 को होने वाली बैठक को स्थगित किया गया है। इस दिन जरूरी काम से बाहर जाना है। एजेंडे में जो भी मुद्दे शामिल किए जाते हैं। वह पार्षदों के होते हैं। इस बार भी जिस पार्षद ने मुद्दे भेजे उन्हें शामिल किया गया है। सिटी व कैंट में समान विकास की बात एजेंडे में रखी जाती है। सब कमेटियों बनाने का निर्णय जल्द लिया जाएगा।
रमेश मल, मेयर, नगर निगम, अम्बाला।

पार्षदों को पूछा नहीं जाता
जब भी निगम की बैठक होती है उसके लिए एजेंडा तैयार किया जाता है। इसके बारे में पार्षदों को पूछा नहीं जाता। पार्षद ही बता सकते हैं कि उनके वार्ड में किस जगह सफाई व्यवस्था होनी चाहिए या फिर स्ट्रीट लाइट। इस बार का एजेंडा मुद्दाविहीन है।
हरीश शर्मा, पार्षद वार्ड नंबर 8।

कैंट का नहीं, सिटी का एजेंडा
मेयर ने इस बार का जो एजेंडा तैयार किया है वह सिटी के लिए बनाया है। कैंट के लिए एजेंडे में कुछ नहीं है। तीन बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी बैठक में पास हुए मुद्दों पर अमल नहीं हो पाया है। सड़कों की मरम्मत तक नहीं कराई जा रही।
ललिता प्रसाद, पार्षद वार्ड नंबर 20।

पार्षदों को पूछा नहीं जाता
अब तक जो भी बैठकें हुई हैं, उसमें एजेंडे में शामिल कोई भी काम वार्ड में नहीं हुए हैं। स्ट्रीट लाइट व सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। मेयर सिर्फ अपनी चला रहे हैं। उन्हें यह पता नहीं कि किस वार्ड में क्या काम होने हैं। निगम में बैठकर एजेंडा तैयार किया जा रहा है।
हिम्मत सिंह, पार्षद, वार्ड नंबर 9।

प्रोसिडिंग में शामिल हों मुद्दे
बैठक में जो मुद्दे उठाए जाते हैं उन्हें प्रोसिडिंग में शामिल नहीं किया जाता। पिछली दो बैठकों में जो मुद्दे सदन में उठाए गए थे। उनका परिणाम सिर्फ शून्य निकला है। कम से कम जो मुद्दे उठाए गए हैं, उन पर अमल होना चाहिए।
दलजीत सिंह भाटिया, पार्षद वार्ड नंबर 7।