पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आधार कार्ड बनाने को लेकर डीआरओ ऑफिस में हंगामा

आधार कार्ड बनाने को लेकर डीआरओ ऑफिस में हंगामा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अम्बाला सिटी। आधार कार्ड की अनिवार्यता देखते हुए लोगों को आधार कार्ड बनवाने में सहूलियत मिलनी चाहिए पर आधार कार्ड बनाने वाले कंपनी के कर्मचारी कार्ड बनाने को लेकर लोगों को त्रस्त कर रहे हैं। उनका फॉर्म जमा करने के बजाय उन्हें बैरंग लौटा रहे हैं। मंगलवार को भी जब लोग आधार कार्ड बनवाने एसडीएम ऑफिस स्थित डीआरओ ऑफिस पहुंचे तो कर्मचारियों ने फॉर्म जमा करने के बजाय लौटा दिया। जिसे लेकर लोगों और कर्मचारी के बीच काफी कहासुनी और जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद लोग सीटीएम प्रतिमा चौधरी के पास पहुंचे। सीटीएम ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।


आधार कार्ड बनवाने पहुंचे महेश नगर के योगेश ने कहा कि वह सोमवार को सुबह सात से नौ बजे तक डीआरओ ऑफिस के गेट पर खड़े रहे। जब गेट खुला तो कर्मचारी ने यह कहकर उन्हें लौटा दिया कि उनका ऑपरेटर छुट्टी पर है। दोपहर में भी ऑपरेटर ड्यूटी से गायब रहती है। मंगलवार को आए तो फॉर्म जमा नहीं किया गया। छपरा गांव के संदीप कुमार ने कहा कि वह 40 किलोमीटर दूर से 50 रुपए किराया खर्च कर लगातार तीन दिन से आ रहे हैं पर उनका फॉर्म जमा करने के बजाय उनसे कहा गया कि चंडीगढ़ चले जाओ वहीं बनवा लेना। आधार कार्ड होने से उन्हें गैस मिलने में दिक्कत हो रही है।

नीतू ने कहा कि वह दो दिन से एक किलोमीटर दूर नावल्टी सिनेमा के पास से आ रही हैं पर उसे रोज लौटा दिया जाता है। दिशा केंद्र के 16 नंबर खिड़की पर भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। त्रिवेणी रोड के ओमप्रकाश ने कहा कि कर्मचारियों की आधार कार्ड बनाने की ड्यूटी सुबह 10 से पांच बजे की है। पर सुबह एक घंटे ही 45 फॉर्म जमा कराते हैं। बाकी लोगों को बैरंग लौटा देते हैं। सिटी के डीसी ऑफिस मे आधार कार्ड न बनाने को लेकर मिलने पहुंचे लोग।

इन कार्यों में जरूरी है आधार कार्ड
टेलीफोन, बिजली, पानी कनेक्शन लेने में, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में, रसोई गैस के लिए सब्सिडी ((डायरेक्ट कैश ट्रांसफार)) का लाभ लेने में, बैंक खाते खुलवाने में, पता और पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड जरूरी है।

सिर्फ एक मशीन से बनाया जा रहा आधार कार्ड

जिले की 1128350 आबादी के लिए सिर्फ एक मशीन से, अलंकृत कन्साइनमेंट द्वारा आधार कार्ड बनाने का काम किया जा रहा है। जो डीआरओ ऑफिस में है। यहां एक ऑपरेटर रिंपी आधार कार्ड बनाने का काम करती है। एक घंटे सुबह आठ से नौ बजे तक फॉर्म जमा किया जाता है। सुशील पुरी द्वारा फॉर्म का करेक्शन किया जाता है। डीसी केएम पांडुरंग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जिले में 1071933 लोगों का पंजीकरण व 940561 का आधार कार्ड बनाया जा चुका है।