- Hindi News
- आनंद मेमोरियल कॉम्प्लेक्स में हो रही चोरियां
आनंद मेमोरियल कॉम्प्लेक्स में हो रही चोरियां
भास्कर न्यूज - अम्बाला
बेशक प्रशासन ने जर्जर पड़े आनंद मेमोरियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण का जिम्मा सौंप दिया हो लेकिन हकीकत यह है कि खंडहर में तब्दील हुआ यह कॉम्प्लेक्स चोरों के लिए किसी तिजोरी से कम नहीं है। यहां पर हर दिन चोरी हो रही है और निगम चुपचाप बैठ तमाशा देख रहा है। यहां पर पड़े सामान की रखवाली करने वाला कोई नहीं है जबकि मुख्य गेट से लेकर खिड़कियां, दरवाजे व लोहे का अन्य सामान कॉम्प्लेक्स से गायब हो चुका है। आखिर, इस स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है? कुछ दिन पहले निगम ने दावा किया था कि निगम जमीन पर सरकारी सामान चुराने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराए जाएंगे। मगर यहां निगम की चुस्ती कहां चली गई।
सुभाष पार्क के पास स्थित आनंद मेमोरियल कॉम्प्लेक्स का कुछ समय पहले तक मुख्य गेट था मगर अब गेट गायब हो चुका है। यहां पर हाल के दरवाजे लगे थे, खिड़कियों में ग्रिल थी, टॉयलेट पर दरवाजे थे व शीटें भी थीं मगर इस समय कुछ भी यहां पर नहीं है। धीरे-धीर चोर यहां पर मौज उड़ाते रहे व सरकारी सामान चोरी करते रहे। अब यहां केवल पुरानी ईंटें बची हैं। कुछ समय पहले तक ईंटों का ढेर लगा था, वह भी अब धीरे-धीरे गायब होने लगा है। बाजार में ईंट महंगी हैं, मगर चोर यहां पुरानी सरकारी ईंटें ही चुरा रहे हैं। इतना ही नहीं, रात के समय कॉम्प्लेक्स में अंधेरा पसरा रहता है, जिस वजह से शरारती तत्व यहां अक्सर छिपे रहते हैं।
अंधेरे में देखे युवक: कुछ दिन पहले सुभाष कॉलोनी निवासी एमआर शर्मा रात के समय यहां से निकल रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके देखते ही देखते करीब तीन युवक कॉम्प्लेक्स में घुसे। वह अकेले थे, उनकी हिम्मत नहीं पड़ी कि उनसे पूछताछ करे। वह चुपचाप आगे निकल गए। यह कॉम्प्लेक्स को सुधार कर यहां लाइट की व्यापक व्यवस्था नगर निगम को करनी चाहिए।
मरम्मत की योजना
गौरतलब है कि आनंद कॉम्प्लेक्स को नए सिरे से बनाने की योजना प्रशासन की है। इसके लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपया खर्च किया जाना है। यहां पर बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा जिसमें चार कोर्ट होंगे। इतना ही नहीं, बाहर भी खिलाडिय़ों के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। करीब दो वर्ष पहले हॉल के निर्माण के लिए राशि खेल विभाग को मिली थी। पंचायती विभाग को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन एक्सासाइज एरिया की जमीन पर कॉम्प्लेक्स है, जिस वजह से अब निगम यहां मरम्मत कार्य करेगा।
कैंट में सुनसान पड़ा आनंद मेमोरियल कॉम्प्लेक्स।