- Hindi News
- सीपीएस की गिरफ्तारी की मांग को लेकर इनेलो गरजी
सीपीएस की गिरफ्तारी की मांग को लेकर इनेलो गरजी
भास्कर न्यूज - अम्बाला सिटी
सीपीएस रामकिशन फौजी की तत्काल बर्खास्तगी, गिरफ्तारी व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जगाधरी गेट पर सुबह 11 से लेकर 12:05 बजे तक रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ता जगाधरी गेट से सिविल अस्पताल, रामपुरा फूल रोड, शुक्लकुंड रोड, बस स्टैंड से नया पुल होते हुए डीसी ऑफिस पहुंचे। यहां रामकिशन फौजी और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। साथ ही सीटीएम प्रतिमा चौधरी को ज्ञापन सौंपा। रोष प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व कृषि मंत्री व इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष जसविंदर सिंह संधू ने किया।
जसविंदर सिंह संधू ने कहा कि इनेलो ने सत्तारूढ़ कांग्रेस के बवानीखेड़ा हलका के विधायक व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी द्वारा सीएलयू दिलाने के लिए 5 करोड़ रुपए की रिश्वत मांगने की सीडी राज्यपाल को प्रस्तुत की थी। सरकार ने लोकायुक्त हरियाणा को पत्र लिखकर सीडी से जुड़े मामलों की जांच करने को कहा। लोकायुक्त ने रामकिशन फौजी के विरुद्ध भ्रष्टाचार उन्मूलन अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की सिफारिश की है। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उन पर कोई केस दर्ज नहीं किया। इनेलो के विधायक दल द्वारा कांग्रेस पार्टी के मंत्रियों एवं विधायकों तथा वरिष्ठ नेताओं की सीएलयू की एवज में करोड़ों रुपए मांगने की सीडी जारी की जा चुकी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2013 तक लगभग 22589 एकड़ भूमि के सीएलयू जारी की जा चुकी है जिसमें प्रति एकड़ 1 करोड़ रुपए रिश्वत निर्धारित की हुई है। इससे वर्ष 2005 से लेकर अब तक हुए व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार का अनुमान लगाया जा सकता है। इनेलो मांग करती है कि तत्काल कार्रवाई की जाए। मौके पर जिला प्रधान बलविंदर सिंह पूनिया, विधायक राजबीर बराड़ा, जिलाध्यक्ष शहरी ओंकार सिंह, जिला युवा अध्यक्ष संदीप राणा, मक्खन सिंह लबाना, सुरिंद्र घई ((टीटू)) प्रेस प्रवक्ता, हलका अम्बाला अध्यक्ष शीश पाल जंधेड़ी, जिला महासचिव सुरेंद्र शर्मा राजू, नीटू सचदेवा, सचिन सचिव व्यापार सेल, पंकज भारद्वाज मौजूद थे।
डीसी ऑफिस के बाहर मांगों को लेकर प्रदर्शन करते सीआईटीयू के सदस्य।