- Hindi News
- युवाओं से सिक्योरिटी के नाम पर राशि लेकर नहीं दी नौकरी
युवाओं से सिक्योरिटी के नाम पर राशि लेकर नहीं दी नौकरी
भास्कर न्यूज - अम्बाला सिटी
युवाओं से नौकरी के नाम पर सिक्योरिटी तो जमा करा ली, लेकिन उन्हें चार माह से नौकरी नहीं दी। गुरुवार को युवाओं ने डीडीपीओ रेणु से इस बारे में शिकायत की। मौके पर डीडीपीओ ने जिला को-ऑर्डिनेटर विनोद कुमार को बुलाकर पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा सामने नहीं आया। युवा अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं।
युवा अमर सिंह, रिंकू, कुलदीप ने कहा कि कैंट की शास्त्री कॉलोनी में रहमत संस्था है। संस्था ने लगभग 50 युवाओं से सिक्योरिटी के नाम पर 5100 रुपए उनसे जमा कराए थे। युवाओं ने कहा कि वह चार माह से नौकरी के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कोई रास्ता नहीं दिया गया है। इस बारे उन्हें पंचकूला स्थित संस्था के हेड क्वार्टर में संपर्क किया। लेकिन वहां से भी उन्हें वापस लौटा दिया गया।
युवाओं ने कहा कि संस्था के बारे में जब उन्होंने केंद्र सरकार के कार्यालय से संपर्क किया तो वहां से उन्हें बताया गया कि इस नाम की कोई संस्था पंजीकृत नहीं है। युवाओं ने कहा कि संस्था ने उन्हें 12,500 मासिक तथा इन्सेंटिव देने की बात कही थी। लेकिन अभी तक कुछ नहीं मिला। युवाओं ने डीडीपीओ से मांग की है कि उनकी सिक्योरिटी की राशि उन्हें वापस दिलाई जाए।
सिटी के डीडीपीओ कार्यालय के बाहर आईकार्ड व पर्चियां दिखाते युवा ।