- Hindi News
- पंजीकरण की फाइल जमा कराने के बाद क्रम से मिलेगा नंबर, नहीं टूटेगी सीरीज
पंजीकरण की फाइल जमा कराने के बाद क्रम से मिलेगा नंबर, नहीं टूटेगी सीरीज
भास्कर न्यूज - अम्बाला सिटी
अब एसडीएम ऑफिस में वाहनों के लकी नंबर लेने का खेल नहीं चल पाएगा। एसडीएम भी अपने चहेतों को मनमर्जी का नंबर अलॉट नहीं कर पाएंगे। जो सीरीज चल रही होगी, वह टूटेगी नहीं। जिसने वाहन की पंजीकरण फाइल जमा कराई, उसे रेंडमली नंबर अलॉट होगा। यह सब राज्य परिवहन विभाग द्वारा एसडीएम ऑफिसों में लोड किए गए सॉफ्टवेयर से होगा।
अभी तक संबंधित एसडीएम लोगों की मांग पर उन्हें नंबर जारी कर देते थे। सबसे ज्यादा खेल सीरीज शुरू होने पर चलता था। एसडीएम जो नंबर जारी करते थे, उन नंबरों को पहले ही अमुक व्यक्ति के नाम कंप्यूटर पर चढ़ा दिया जाता था। लोग जब सीरीज के अनुसार नंबर लेने के लिए लाइन में लगकर फाइल जमा कराते थे, उन्हें तब पता चलता था कि यह नंबर पहले से ही किसी अन्य के नाम अलॉट किया जा चुका है।
वाहन नामक सॉफ्टवेयर ने फेरा मंसूबों पर पानी : एनआईसी के माध्यम से वाहन नामक सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है, इससे अब केवल वही नंबर जारी होगा, जो कंप्यूटर रेंडमली जारी करेगा। इस साफ्टवेयर से नंबरों के लिए पसंद की प्रक्रिया बंद हो जाएगी। अब केवल वही नंबर अतिरिक्त फीस लेकर जारी किए जा सकेंगे जो नोटिफिकेशन में शामिल हैं। यह नई नोटिफिकेशन 22 जनवरी को जारी की गई है। एसडीएम ऑफिस में प्रतिदिन 50-60 वाहनों का पंजीकरण होता है।
यह है वेबसाइट
वाहनों का नंबर जारी करने के लिए परिवहन आयुक्तद्वारा जारी की गई नई नोटिफिकेशन की जानकारी व विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट हरियाणा ट्रांसपोर्ट डॉट गो डॉट इन पर देखी जा सकती है।
॥मनचाहे नंबर जारी करना अब मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। मनचाहा नंबर केवल अतिरिक्त फीस देकर ही प्राप्त किया जा सकता है। जिले की जनता से अनुरोध है कि वे किसी भी मनचाहे नंबर के लिए एसडीएम से अनुरोध न करें।
विनय प्रताप सिंह, एसडीएम।
अब नहीं मिल पाएंगे वाहनों के मनचाहे नंबर