- Hindi News
- स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक ने ५ माह में भी नहीं दी ऑक्सीजन मशीन खरीदने की अनुमति
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक ने ५ माह में भी नहीं दी ऑक्सीजन मशीन खरीदने की अनुमति
भास्कर न्यूज - अम्बाला सिटी
सेक्टर एक अर्बन स्टेट निवासी 66 वर्षीय पवन कुमार जैन के फेफड़े पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। पिछले दो वर्षों से वह 24 घंटे ऑक्सीजन सिलेंडर पर ही निर्भर हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक ने पांच माह में भी ऑक्सीजन मशीन खरीदने की अनुमति नहीं दी। उनकी 65 वर्षीय पत्नी चंद्रकांता पति के लिए ऑक्सीजन मशीन की खरीददारी करने से संबंधित पत्र का जवाब प्राप्त करने के लिए पांच माह में पांच बार महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग हरियाणा पंचकूला की दौड़ लगा चुकी हैं।
इसके बावजूद महानिदेशक का दिल नहीं पसीजा। पवन कुमार जैन को एडवांस सीओपीडी की बीमारी है। पिछले सात वर्षों से उनके फेफड़े संक्रमित हैं। दो वर्षों से ऐसी हालत हो चुकी है कि उन्हें बेड पकडऩा पड़ गया है। हर माह 370 रुपए का ऑक्सीजन सिलेंडर उन्हें खरीदना पड़ता है जिसका खर्च भी उन्हें ही उठाना पड़ता है।
पवन कुमार जैन ने बताया कि वह आईटीआई में सहायक के तौर पर कार्यरत थे। वर्ष1992 में उन्होंने स्वेच्छा से सेवा निवृति ले ली। पिछले सात साल से उनके फेफड़े संक्रमित हंै। दो साल से वह बेड पर हैं। उन्होंने खुद को अपोलो अस्पताल लुधियाना में दिखाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें एडवांस सीओपीडी की बीमारी से ग्रस्त बताया और उन्हें सिंपली गो ऑक्सीजन कांसनट्रेटर मशीन खरीदने को कहा। बीमारी की वजह से निरंतर तबीयत बिगड़ती गई। जिसके बाद उन्होंने 2.30 लाख रुपए खर्च कर ऑक्सीजन कांसनट्रेटर मशीन खरीदी। जिसकी बिल अदायगी के लिए उन्होंने अपने विभाग आईटीआई को पत्र लिखा और मशीन का बिल भेजा। विभाग ने इस बारे में मंत्रणा के लिए महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग पंचकूला को पत्र लिखा। 29 अगस्त 2013 को स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को पत्र भेजा गया। किंतु वहां से 29 जनवरी तक कोई जवाब नहीं प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल अम्बाला द्वारा भी यह लिखकर दिया जा चुका है कि मेरे जीवन के लिए मशीन जरूरी है। इस बारे में उन्होंने महानिदेशक को लुधियाना अपोलो अस्पताल, अम्बाला सिविल अस्पताल के पत्र के साथ बलविंदर सिंह बनाम पंजाब स्टेट के बीच हाईकोर्ट के मुकदमे का फैसला भी भेजा है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग को मरीज के लिए मशीन अनिवार्य बताकर खरीदने की इजाजत देने का निर्देश दिया गया है।
सिटी के सेक्टर एक अर्बन स्टेट निवासी 66 वर्षीय पवन कुमार ऑक्सीजन सिलेंडर पर निर्भर हैं।