कांग्रेस पर लगाया अनदेखी का आरोप
भास्कर न्यूज - भिवानी
अनुसूचित जातियों के कई संगठनों के प्रतिनिधियों की एक बैठक धानक जागृति मोर्चा हरियाणा के प्रांतीय अध्यक्ष मोहन धानक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें कांग्रेस पार्टी द्वारा सांसद व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने पर नाराजगी जताई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मोर्चा के अध्यक्ष मोहन धानक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज तक प्रदेश से राज्यसभा में दलितों की एक विशेष जाति के नेताओं को चुनती आई है। इनमें मुख्य रूप से कुमारी शैलजा के ताऊ स्वर्गीय नेकीराम, प्रभुराम, ईश्वर सिंह तथा अब स्वयं कुमारी शैलजा हैं। जबकि कांग्रेस ने प्रदेश की अन्य दलित जातियों में से आज तक राज्यसभा का सदस्य नहीं बनाया है। बैठक में सर्वसम्मति से धानक व वाल्मीकि जातियों की अनदेखी पर नाराजगी प्रस्ताव पास कर कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भेजा गया है। बैठक में कैप्टन रोशनलाल, लोकराम, श्याम सुंदर इंदौरा, उमेद सिंह, सोमबीर सिंह, इंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह मौजूद थे।