पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शहर में हालात ठीक, गांवों में ब्लैक आउट

शहर में हालात ठीक, गांवों में ब्लैक आउट

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - भिवानी
हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आहवान पर तीन दिवसीय प्रदेश व्यापी हड़ताल के दौरान बुधवार को कई विभागों में 35 से 90 प्रतिशत तक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। अधिकारियों व ठेका आधारित कर्मचारियों की बदौलत शहर में हालात कुछ ठीक रहे, लेकिन ग्रामीण इलाकों में ब्लैक आउट रहा।
तीन दिवसीय प्रदेश व्यापी हड़ताल के दौरान बिजली निगम व जनस्वास्थ्य विभाग में हड़ताली कर्मचारियों का प्रतिशत क्रमश: 73 व 60 प्रतिशत बना रहा। इसके बावजूद शहर में कहीं से भी बिजली व पेयजल समस्या नहीं रही। इसका मुख्य कारण अधिकारी व ठेका आधारित कर्मचारी रहे। अन्य क्षेत्रों में भी हड़ताल पर होते हुए भी कुछ गांवों को छोड़कर बिजली व पेयजल व्यवस्था ठीक बनी रही। बिजली के साथ पेयजल व्यवस्था भी पहले की तरह हुई।
बहल में हड़तालियों ने पावर हाउस प्रांगण में धरना देकर सरकारी नीतियों पर हमला बोला और मेन बस स्टैंड से होकर बाजारों में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सकसं प्रधान अनिल श्योराण व रविंद्र ने किया। धरने व प्रदर्शन में शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, वन, जनस्वास्थ्य, मिड- डे मील सहित कच्चे व पक्के कर्मचारियों ने भाग लिया। अध्यापक संघ के प्रधान मा.जगदीश झांझडिय़ा, राजरूप, प्रधान नरेश शर्मा, चरण सिंह, फूलसिंह, गुलाबचंद शर्मा, राजेश सांगवान, सुरेश, विनोद, राजेश राहड़, प्यारे लाल, महेन्द्र, सतीश, सुरेन्द्र, योगेश, सुरेश बैराण, सतवीर,रमेश, राजरूप,राजेन्द्र, बलवान, सुमित्रा, सरोज, प्रेमा, संतोष, भतेरी, कमलेश, रामप्यारी आदि मौजूद थी। इसके अलावा आईटीआई के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहे।
बिजली निगम के महाप्रबंधक विपिन चंदा ने बताया कि हड़ताल को देखते हुए उन्होंने पहले ही उपमंडल स्तर पर ठेका आधारित कर्मचारियों व अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी थी। इसकी वजह से कुछ गांवों को छोड़कर अन्य स्थानों पर बिजली का कोई संकट नहीं बना। उधर जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ संजीव त्यागी ने बताया कि कर्मचारियों की जगह एक्सईन समेत सभी एसडीओ लगे हुए हैं ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। -पेज ३ भी देखें




बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र

बवानी खेड़ा के मुंढाल खुर्द, कलां, कुंगड़, भैणी जाटान, भैणी ठाकरान, सुखपुरा, बाण्डाहेड़ी व तालु गांवों में बिजली व पेयजल आपूर्ति बाधित बनी रही।

तोशाम विधानसभा क्षेत्र

तोशाम विधान सभा के बीरण, बापोड़ा, रिवासा, ढाणी, धारण, तलवानी व रामबास में बिजली व पेयजल आपूर्ति बाधित बनी रही।

चरखी दादरी में कुछ ऐसे रहे हालात

आंदोलन की मजबूती होगी प्रभावित

तालमेल कमेटी टूटती है तो आगे होने वाले आंदोलन पर इस का प्रभाव रहेगा तथा आंदोलन इतना मजबूत नहीं होगा जितना अब तक हुआ है। कर्मचारियों की मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखने के लिए दो नवंबर 2013 को तालमेल कमेटी का गठन किया गया था।

लोहारू विधानसभा क्षेत्र

विधानसभा क्षेत्र के किसी भी गांव में ग्रामीणों को बिजली व पेयजल की कोई समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।

हरियाणा सरकार के साथ समझौते से कर्मचारियों में रोष

बुधवार को प्रदेश व्यापी हड़ताल के चलते हड़ताली कर्मचारी सुबह दस बजे सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में एकत्रित हुए। यहां से कर्मचारी नारेबाजी करते हुए रोडवेज वर्कशॉप पहुंचे। कर्मचारी तालमेल कमेटी के नेता व सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जय प्रकाश परमार, सचिव सुखदर्शन सरोहा ने कहा कि रोडवेज के पदाधिकारियों ने जो सोमवार रात को हरियाणा सरकार के साथ समझौता किया है उसको लेकर जनता और हरियाणा परिवहन कर्मचारियों में खासा रोष है। उन्होंने कहा इस समझौते से कर्मचारियों को कोई फायदा नहीं है। हड़ताल में बिजली निगम, शिक्षा विभाग, लघु सचिवालय, नगर पालिका, आईटीआई, रोडवेज, बीएंडआर, सिंचाई, जन-स्वास्थ्य, सामान्य अस्पताल, कृषि, लोकसंपर्क विभाग, पंचायती राज, हरियाणा बीज विकास निगम, कॉलेज, शिक्षा बोर्ड, मंडी बोर्ड तथा हुड्डा विभाग में हड़ताल करने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़ गई। कर्मचारियों की हड़ताल का महापंचायत के अध्यक्ष संपूर्ण सिंह, मा. शेरसिंह, महिला समिति, सीआईटीयू, एसएफआई, विकलांग संघ ने समर्थन किया। आज के प्रदर्शन को मास्टर वजीर सिंह, रामनिवास कौशिक, जगवंत सिंह, शशी शर्मा, योगेंद्र सिंह, नरदेव आर्य, राजकुमार दलाल, राजकुमार कांटिया व संदीप सांगवान ने भी संबोधित किया।

बिजली निगम व जनस्वास्थ्य विभाग में क्रमश: 73 और 60 प्रतिशत कर्मचारी रहे हड़ताल पर, जलापूर्ति भी प्रभावित हुई