पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फौजी ने 7 दिन में इस्तीफा नहीं दिया तो करेंगे बंद

फौजी ने 7 दिन में इस्तीफा नहीं दिया तो करेंगे बंद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - भिवानी
सीएलयू की एवज में पांच करोड़ रुपये रिश्वत मांगने के मामले में फंसे सीपीएस रामकिशन फौजी में अगर जरा भी नैतिकता है तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर उन्होंने सात दिन में इस्तीफा नहीं दिया या सरकार ने उन्हें पद से नहीं हटाया तो पूरे भिवानी शहर को बंद कर दिया जाएगा। यह ऐलान इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने किया। वे गुरुवार को भारत नगर स्थित रामकिशन फौजी के आवास के पास उनका पुतला फूंकने से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वे फौजी के नाम के बाद आज भी जी लगाकर संबोधित करते हैं। मगर, पिछले दिनों फौजी ने उनके दादा पर भौंडे कटाक्ष किए थे। इसलिए ये चीजें दिखाती हैं कि किस नेता में कितनी नैतिकता बची है। उन्होंने तो पिछले विधानसभा चुनाव में इनेलो पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि ये तो नौ विधायकों से दो पर आ जाएंगे। मगर उनकी पार्टी के उम्मीदवार 32 सीटों पर विजयी हुए थे। अब जिस दिन ओमप्रकाश चौटाला जेल से बाहर आकर प्रदेश की जमीन पर कदम रखेंगे तो हमारे विधायकों की संख्या 64 हो जाएगी। इसके बाद फौजी जैसे विधायकों का प्रदेश में सफाया हो जाएगा।
फौजी के आवास के बाहर इनेलो कार्यकर्ता किसी अनहोनी घटना को अंजाम न दें, इसके लिए प्रशासन ने यहां डीएसपी अमित भाटिया, सीआईए इंचार्ज जगत सिंह मोर, शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार और सिविल लाइन थाना प्रभारी अजीत सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल नियुक्त किया हुआ था। पुलिस की इतनी मौजूदगी को देख दिग्विजय चौटाला ने कहा कि फौजी जैसे भ्रष्ट नेताओं से हम ही नहीं ये पुलिसवाले भी परेशान हैं। उन्होंने मौका न चूकते हुए कहा कि अगर इनेलो सत्ता में आई तो इन पुलिसवाले भाइयों की समस्या का एक कलम से समाधान किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान पुलिसकर्मियों से भी तालियां बजाने का अनुरोध किया। इस पर कुछ पुलिसकर्मियों के मुंह से हंसी निकलने लगी। पुतला फूंकने के लिए इनेलो कार्यकर्ताओं का काफिला गुरुवार दोपहर 12 बजे हुडा पार्क से चला था। इस दौरान दिग्विजय चौटाला एक बैलगाड़ी पर सवार होकर कार्यकर्ताओं से नारे लगवा रहे थे। जब तक यह काफिला भारत नगर में नहीं घुसा सरकुलर रोड पर जाम लगा रहा। यह काफिला दोपहर सवा एक बजे फौजी आवास के पास पहुंचा। यहां दिग्विजय ने कार्यकर्ताओं को 25 मिनट तक संबोधित किया और फौजी के पुतले को आग के हवाले कराया।



ये थे मौजूद

इस मौके पर बलदेव घणघस, सुनील लांबा, पप्पल ठाकुर, पुनीत मस्ता, विनोद चावला, ठाकुर विक्रम सिंह, विजय पंचगांवा, जिला प्रवक्ता डॉ. विजय शर्मा, जितेंद्र शर्मा, बिमला परमार, गुड्डी लांग्यान, अमन राघव, जगदीश मिताथल, मनमोहन भुरटाना, राजबीर तालू, शंकर आहूजा, पहलवान विरेंद्र बडराई, विरेंद्र टीना, आनंद, सोमबीर, सुरेंद्र, प्रदीप बिधनोई, सुरेंद्र राठी आदि थे।