श्रम आयुक्त के साथ बातचीत रही बेनतीजा
भास्कर न्यूज - भिवानी
निर्माण मजदूरों की श्रमायुक्त के साथ शुक्रवार को हुई बातचीत बेनतीजा रही। अब प्रदेश भर के निर्माण मजदूर पांच फरवरी को पंचकूला निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड के कार्यालय पर प्रर्दशन करेंगे। यह जानकारी यूनियन के जिला प्रधान राममेहर सिंह ने शनिवार को जारी बयान में कही।
उन्होंने बताया कि श्रमायुक्त ने यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया था मगर उन्होंने कोरे आश्वासन के अलावा कुछ भी बात नहीं की। इसके अलावा उन्होंने यूनियन के साथ 23 अगस्त को जिन मांगों पर सहमति बनी थी उन्हें भी लागू करने पर कोई विचार नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार और विभाग के इस रूख के खिलाफ पांच फरवरी को पंचकूला में बोर्ड के कार्यालय पर पड़ाव डालने का फैसला लिया गया है ।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो उनका यह पड़ाव अनिश्चितकाल में बदल सकता है। श्रमायुक्त से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में राज्य प्रधान देसराज, महासचिव सुखबीर सिंह, वेदप्रकाश शर्मा, राजु बरवाला, लक्ष्मण बतौड़, रमेश अंबाला, बिरेद्र मलिक, सतपाल महम, राममेहर सिंह, कश्मीर सिंह आदि मौजूद थे।