- Hindi News
- काम पर लौटे कर्मचारी अव्यवस्था सुधरनी शुरू
काम पर लौटे कर्मचारी अव्यवस्था सुधरनी शुरू
भास्कर न्यूज - भिवानी
तीन दिवसीय हड़ताल खत्म होने के बाद कर्मचारी गुरुवार शाम ही ड्यूटी पर लौट आए थे। इनके काम पर लौटने से विभिन्न विभागों की कार्य व्यवस्था पटरी पर लौट आई। शहर में पड़ी गंदगी को जहां सफाई कर्मचारी शाम तक ट्राली में डालते देखे गए वहीं बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई। लोगों ने भी राहत की सांस ली।
शहर में कम था असर
कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का सबसे ज्यादा प्रभाव बिजली, पेयजल व सफाई व्यवस्था पर था। हालांकि कुछ गांवों को छोड़कर शेष भाग में हड़ताल के दौरान बिजली व पेयजल व्यवस्था ठीक थी लेकिन शहर में सफाई व्यस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी थी। जगह जगह गंदगी के ढेर थे। हड़ताल खत्म होने के बाद शुक्रवार सुबह सफाई कर्मचारी सफाई कार्य में जुट गए। शहर के लगभग आधे भाग से गंदगी को हटाया जा चुका था। इसी प्रकार जिन गांवों में बिजली गुल थी। कुछ गांवों में तो गुरुवार रात 12 बजे तक बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई थी तथा शेष गांवों में शुक्रवार 12 बजे तक बहाल कर दी गई थी। स्कूलों, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, नगरपरिषद, सचिवालय समेत सभी विभागों में कर्मचारियों की उपस्थिति 90 प्रतिशत से अधिक बनी हुई थी। कर्मचारी भी अपना पेंडिंग कार्य निपटाने में लगे हुए थे।
कुंगड़ वालों को 12 बजे मिल पाई बिजली
कुंगड़ में दिन में 12 बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई। चार दिन तक बिजली गुल रहने से ग्रामीण पुरानी परंपरा पर लौट आए थे। घरों में दूध बिलौने का वहीं तरीका तथा पशुओं को पेट भरने के लिए बिजली वाली कटाई मशीन को हाथ से चलाकर चारा काटते ग्रामीण दिखाई दिए।