- Hindi News
- ट्रैक्टर लिया हो या कार, 4 प्रतिशत ब्याज देकर उतारो कर्ज का भार
ट्रैक्टर लिया हो या कार, 4 प्रतिशत ब्याज देकर उतारो कर्ज का भार
भास्कर न्यूज - भिवानी
प्रदेश के सभी सहकारी बैंकों ने अपने डिफाल्टर ऋणदाताओं के लिए सात से आठ प्रतिशत ब्याज की दर कम कर दी है। यह लाभ केवल उन्हीं किसानों या लोगों को मिलेगा जो एक मुश्त राशि का भुगतान करेंगे। इसके अतिरिक्त बैंक ने गैर कृषि डिफाल्टर ऋण दाताओं को भी इस स्कीम में शामिल किया है बशर्तें उनकी अधिकतम राशि ब्याज सहित 25 लाख से अधिक न हो।
यह खबर उन किसानों के लिए खुशखबरी है जो सहकारी बैंकों के कर्जदार हंै तथा ऋण का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। बैंक ने ऐसे उपभोक्ताओं को ब्याज में सात से आठ प्रतिशत तक की छूट दी है। ऐसे किसानों को अब अपनी ऋण राशि का भुगतान चार प्रतिशत ब्याज की दर से करना होगा। अब तक ब्याज की दर 11 से 12 प्रतिशत थी।
गैर कृषि ऋणदाताओं को भी मिलेगा लाभ
सहकारी बैंक एकमुश्त भुगतान योजना का लाभ गैर कृषि ऋण उपभोक्ताओं को भी देगा। इस योजना के तहत उच्च शिक्षा ऋण, छोटे दुकानदारों की नगद उधार सीमा, दुपहिया वाहन व लघु उद्योगों के डिफाल्टरों को भी रखा गया है। ऐसे डिफाल्टरों को 31 मार्च 2014 से पहले बैंक में इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करना होगा।
31 तक आवेदन का मौका
इस एकमुश्त भुगतान योजना के तहत कोई भी लाभार्थी 31 मार्च तक संबंधित शाखा में आवेदन पत्र के साथ लाभ उठाकर ऋण से मुक्ति पा सकता है। इस योजना के तहत अधिकतम 25 लाख रूपये तक का एकमुश्त भुगतान कर ब्याज व पैनल ब्याज का लाभ लिया जा सकता है।
25 लाख रूपये तक की राशि में मूलधन व साधारण ब्याज की राशि शामिल होनी चाहिए। इससे अधिक राशि वाले लाभार्थियों को इस योजना में शामिल नहीं होंगे इस स्कीम में उपभोक्ता ऋण तथा संस्थाओं व समितियों को दिए गए ऋण तथा गृह ऋण को शामिल नहीं किया गया है। इस स्कीम के बारे में अधिक जानकारी हेतु शाखा के मोबाइल नंबर 9729540512 व 9729540404 पर भी संपर्क स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने उपरांत लाभार्थी नए ऋण के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
जिले में 35 हजार किसानों को मिलेगा फायदा
इस स्कीम से जिले के लगभग 35 हजार किसानों को फायदा पहुंचेगा। इन किसानों की तरफ सहकारी बैंक का लगभग तीन सौ करोड़ रुपये बकाया है।
मुख्यमंत्री की गोहाना रैली में की घोषणा के अनुसार सहकारी बैंक ने डिफाल्टर ऋणदाताओं को दी सात से आठ प्रतिशत तक की छूट
मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
नौ नवंबर को गोहाना रैली में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने डिफाल्टर किसानों को मुख्य धारा में लाने के लिए के लिए चार प्रतिशत की घोषणा की थी। सहकारी बैंक इस योजना से लोगों को अवगत करवाने के लिए गांव स्तर पर डिफाल्टरों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा रिकवरी की जा सके।
ये कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में भिवानी सहकारी बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलदीप कुमार कौशिक ने बताया कि यह स्कीम शुरू कर दी गई है। जिला उपायुक्त अशोक मीणा ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस स्कीम का फायदा उठाकर कर्जमुक्त होना चाहिए। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार यह योजना शुरू की गई है।
इस उदाहरण से समझिए
जैसे बवानीखेड़ा के संदीप ने 21 दिसंबर 2007 को बैंक से 35 हजार रुपये ऋण लिया तो उसकी तरफ 31 मार्च 2013 तक ब्याज के 25 हजार दो सौ रुपये बनते हैं जो कुल राशि 63 हजार दो सौ रुपये होगी। इस स्कीम से किसान को केवल ब्याज के रूप में आठ हजार चार सौ रुपये यानि ब्याज समेत 43 हजार चार सौ रुपये का भुगतान करना होगा। इससे उसे 16 हजार आठ सौ रुपये का लाभ होगा। इस स्कीम का लाभ केवल उन्हीं डिफाल्टरों को मिलेगा जो एक मुश्त राशि का भुगतान करेंगे।