- Hindi News
- स्कूटी पर आए ‘बंटी बबली’आंटी की चेन तोड़कर भागे
स्कूटी पर आए ‘बंटी-बबली’आंटी की चेन तोड़कर भागे
भास्कर न्यूज - भिवानी
ये तो बंटी और बबली मूवी के अभिषेक और रानी मुखर्जी जैसे शातिर निकले। एक युवक और युवती स्कूटी पर बैठकर आए, बीच बाजार एक आंटी की चेन तोड़ी और फुर्र। हालांकि दोनों की किस्मत अच्छी थी कि आंटी की पकड़ में नहीं आए नहीं तो शायद जेल में भी होते। दोनों भाग निकले इसके पीछे लोगों का भी हाथ रहा। आंटी दोनों से गुत्थम गुत्था हो रही थी तो लोग तमाशा देख रहे थे। मदद को आगे ही नहीं आया कोई।
तमाशा देखा, मदद नहीं की
घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे हांसी गेट से सराय चौपटा की ओर जाने वाले मार्ग पर रामकूंज मार्केट के पास हुई। सेंट्रल स्कूल नजदीक हुन्नामल प्याऊ के पास रहने वाली करीब 45 वर्षीय महिला बीरमति सामान खरीदने आई हुई थी। बीरमति ने बताया कि अचानक एक स्कूटी पास आकर रूटी। स्कूटी चला रहे बदमाश ने चेन पर झपट्टा मारा और एक ही झटके में चेन उसके हाथ में थी। पीछे एक युवती शॉल ओढ़े बैठी थी। बीरमति ने युवक की कमीज पकड़ ली तो उस महिला ने हाथ पर झटका मारा। युवक ने स्कूटी की रेस दी तो बीरमती ने पीछे से स्कूटी पकड़ ली तो झटके से दोनों ने उसे भी छुड़वा लिया। हाथापाई भी हुई लेकिन दोनों भाग ही निकले। बीरमति ने बताया कि चेन तोडऩे वाले ने बाल लाल किए हुए थे और महिला भी बहुत ज्यादा उम्र की नहीं थी। सामने आए तो दोनों को पहचान सकती हूं। चेन स्नेचिंग की घटना पर तुरंत बीटीएम चौकी इंचार्ज एएसआई रामअवतार, शहर थाना प्रभारी संदीप, सीआईए इंचार्ज जगत सिंह मोर पहुंचे। महिला से पूछताछ की और शहर में नाकेबंदी की। बीरमती ने कहा कि वह चेन स्नेचर के साथ छीना झपटी हो रही थी, उस समय कोई मदद के लिए आता तो वह पकड़ा जाता। अब भी उसे सामने आए तो पहचान लूंगी।
लोग हिम्मत करते तो पकड़े जाते दोनों
बीरमती देवी को चेन के जाने का जितना अफसोस था उतना ही लोगों का मदद के लिए आगे नहीं आने पर भी था। बीरमती ने कहा कि मुझसे जितना बन पड़ा किया पर लोग मदद को आते तो आज वे दोनों बदमाश जेल में होते।