- Hindi News
- ठेकेदारों के भरोसे दूषित जलापूर्ति 24 घंटे में ठीक करने का दावा
ठेकेदारों के भरोसे दूषित जलापूर्ति 24 घंटे में ठीक करने का दावा
शिव कुमार - भिवानी
शहर में कही भी गंदे पानी की सप्लाई की समस्या हो या लीकेज की समस्या। जनस्वास्थ्य विभाग मात्र 24 घंटे में समस्या का समाधान करने का दावा कर रहा है। विभाग के अनुसार शहर को दो जोनों में बांटकर प्राइवेट ठेकेदारों को इन समस्याओं के समाधान का ठेका दिया गया है। ठेकेदार के कारिंदे सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे। अगर, जनस्वास्थ्य विभाग की मुख्य लाइन में लीकेज हुई तो इसे तुरंत ठीक किया जाएगा और प्राइवेट कनेक्शन में लीकेज हुई तो इसे काट दिया जाएगा।
जनस्वास्थ्य विभाग ने अपनी जांच में पाया है कि गंदे पानी की सप्लाई का मुख्य कारण लीकेज है। इस समस्या से निपटने के लिए तीनों जलघरों और बूस्टरों के दो जोन बनाए गए हैं। एक जोन में प्रथम व तृतीय जलघर व उनके तहत आने वाले बूस्टर व दूसरे जोन में दो नंबर जलघर व उसके तहत आने वाले बूस्टर शामिल हैं। नई योजना के तहत शिकायत मिलते ही 24 घंटे के अंदर ठेकेदार के कारिंदे मौके पर जाकर गंदा पानी आने का कारण खोजेंगे। विभाग की लाइन में लीकेज मिलती है तो उसे मौके पर ही ठीक किया जाएगा और उपभोक्ता के पाइप में लीकेज मिली तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। ऐसे में उपभोक्ता को कनेक्शन जुड़वाने के लिए अपने नए पाइप की व्यवस्था करने के साथ जुड़वाने का खर्च भी वहन करना पड़ेगा।